इलाहाबाद : इलाहाबाद के एक नामी इंजीनियरिंग कालेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहे दो स्टूडेंट्स को फ़िल्मी अंदाज में घेरकर गोली मारे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. देर रात हुई इस वारदात में हालत गंभीर होने पर एक स्टूडेंट्स को इलाज के लिए लखनऊ के एसजीपीजीआई में रेफर किया गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तमंचा लहराते हुए कार पर सवार होकर भाग निकले.

फ़िल्मी अंदाज़ में बाइक को घेरकर छात्रों को गोली मारने का आरोप उसी कालेज के चार स्टूडेंट्स पर लगा है. छात्रों को गोली क्यों मारी गई, फिलहाल यह बहुत साफ़ नहीं हो सका है. आरोपी छात्रों की घायल स्टूडेंट्स से चार दिन पहले कुछ कहासुनी हुई थी. आशंका जताई जा रही है उसी विवाद में यह सनसनीखेज वारदात अंजाम दी गई है.

यह सनसनीखेज वारदात इलाहाबाद - मिर्जापुर हाइवे पर रात बारह बजे के बाद इंडस्ट्रियल एरिये में हुई। यहां युनाइटेड इंजीनियरिंग कालेज से बीटेक सेकेंड इयर की पढ़ाई कर रहे दो छात्र शिवम शुक्ला और अभिषेक मिश्र कैम्पस के नजदीक ही किराए का कमरा लेकर रहते थे. रात करीब बारह बजे दोनों बाइक से कमरे पर लौट रहे थे, तभी एक कार ने ओवरटेक कर उन्हें बीच रास्ते रोक लिया. कार सवार चार लोगों ने उन पर फायरिंग की और भाग निकले.

पुलिस के मुताबिक़ आरोपी छात्रों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गईं हैं. आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से दूर हैं. दोनों छात्रों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे से महज कुछ घंटे पहले हुई इस सनसनीखेज वारदात ने इलाहाबाद की क़ानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.