गोरखपुरः डेढ़ माह पूर्व गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला फरार हुए दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपए का ईनाम घोषित था. मुठभेड़ के दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी है. दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है. बदमाशों की गोली से दो सिपाही भी घायल हुए हैं.
गुलरिहा इलाके के बीआरडी मेडिकल कालेज के पास पुलिस, स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच को एक-एक लाख के ईनामी बदमाश मिथुन पासवान और धीरू के पल्सर बाइक से जाने की सूचना मिली. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली. दोनों बदमाश आते हुए दिखाई दिए, तो पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे. पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की. दोनों बदमाश मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देते हुए गुलरिहा इलाके के बनगाई जंगल की ओर भागने लगे.
वहां पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो दोनों बदमाशों के साथ पुलिस की फिर मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए. वहीं बदमाशों की गोली से क्राइम ब्रांच के सिपाही मोहसिन खान और शशिकांत भी घायल हो गए. दोनों बदमाशों और सिपाहियों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है.
पिछले माह 14-15 अक्टूबर की रात चौरीचौरा पुलिस रौतैइयां गांव में फरार चल रहे बदमाश मिथुन पासवान को पकड़ने के लिए गई थी. जिस मकान में मिथुन के होने की पुलिस को सूचना मिली थी, पुलिस ने उस मकान के दरवाजे को खुलवाने का प्रयास किया तो अंदर छह की संख्या में मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम की जमकर पिटाई कर दी. उसके बाद पुलिस ने मोर्चा लेते हुए बदमाशों पर फायर किया. बदमाशों की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई. लेकिन, बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए.
इस मामले में चार बदमाश पहले ही जेल जा चुके हैं. लेकिन, मिथुन और धीरू घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे. पुलिस ने दोनों के ऊपर एक-एक लाख रुपए का ईनाम घोषित किया था. क्राइम ब्रांच प्रभारी सीओ प्रवीण सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना शाहपुर और थाना गुलरिया को भी शामिल कर इन बदमाशों की तलाश में लगे हुए थे.
एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि गुलरिहा इलाके के मुठभेड़ हुई है. इसमें एक-एक लाख के ईनामी बदमाश मिथुन पासवान और धीरू को गिरफ्तार किया गया है. दोनों बदमाश मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए है. क्राइम ब्रांच के दो पुलिसकर्मी भी बदमाशों की गोली से घायल हुए हैं. सभी को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है. पिछले माह की 14-15 अक्टूबर की रात दबिश के दौरान मुठभेड़ के बाद से ये फरार चल रहे थे. चार आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं.
