गोरखपुर: गोरखपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने ऐसे शातिर लुटेरों के तीन गैंग के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो एक साथ मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं. पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. पुलिस ने इस गैंग से लूट और चोरी की 9 मोटरसाइकिल बरामद की है.
इस शातिर लुटेरों के पकड़े जाने के बाद से गोरखपुर पुलिस भी हैरान है. क्योंकि ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि तीन गैंग एक साथ इंटर-कनेक्टेड रहकर लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. ये गिरोह हाईस्पीड बाइक्स से चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं. गोरखपुर के एसपी नार्थ रोहित सिंह साजवान ने पुलिस लाइन्स में हैरान कर देने वाले इस मामले का खुलासा किया.
उन्होंने बताया कि चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के 8 सदस्यों को चौरीचौरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि इन लुटरों के तीन गैंग आपस में इंटर-कनेक्ट हैं. ये गैंग आपस में मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं. साजवान ने बताया कि लूट की पांच घटनाओं का खुलासा कर 8 लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है. इनका गैंग बहुत बड़ा है. इनके अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है.
एसपी नार्थ रोहित सिंह साजवान ने बताया कि ये कई जनपदों में जहां मेले लगते हैं, वहां पर पॉकेट मारने के अलावा लूट की घटनाओं का भी खुलासा किया है. लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले लुटरों का सरगना कौन है ये तब पता चल पाएगा जब इन तीनों गैंग के अन्य सदस्य भी पकड़ लिए जाएंगे. पुलिस उनकी सरगर्मी के साथ तलाश कर रही है.
पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने शहर और आसपास के जिलों में किसी बड़ी घटना को अंजाम तो नहीं दिया है. एसपी नार्थ ने बताया कि इनके द्वारा कुशीनगर, देवरिया और गोरखपुर में टनाओं को अंजाम देने का पता चला है. इन्होंने राज्य के बाहर भी घटनाओं को अंजाम दिया है तो उसका भी पता किया जा रहा है.
ये शातिर लुटेरे चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद लूट का सामान गैर जनपदों में जाकर बेच देते हैं. पुलिस ऐसे लोगों का भी पता लगाने में जुटी है कि ये चोरी और लूट का सामान कहां बेचते हैं. पुलिस ने इन लुटेरों के पास से असलहा भी बरामद किया है.
ये कुशीनगर, चौरीचौरा और गोरखपुर शहर के रहने वाले हैं. पुलिस के शिकंजे में आने से पुलिस को उम्मीद है कि चोरी और लूट की कई अन्य घटनाएं भी सामने आएंगी. पुलिस ने इनके पास से 58 हजार रुपए नकद, तमंचा, 315 बोर का जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया है.
