पटना: बिहार में बढ़ती बेरोजगारी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसको लेकर कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. बता दें कि ये तस्वीरें बिहार में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के आयोजन के समय की हैं.

बिहार में 12 जनवरी को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था. इस परीक्षा को लेकर लोग बड़ी संख्या में पटना रेलवे स्टेशन पर दिखे. इनमें ज्यादातर संख्या नौजवानों की दिखी. तस्वीरों में लोग रेलवे इंजन के पास, ट्रेन के गेट पर लटकते हुए और रेलवे ट्रैक के पास खड़े देखे गए.

इन तस्वीरों के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ सवालों की झड़ी लग गयी है. तस्वीरें देखकर लोग पूछ रहे हैं कि बेरोजगारी पर चर्चा क्यों नहीं होती है. साथ ही परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा नहीं देने पर बिहार सरकार पर सवाल उठाए जा रहें हैं. हालांकि तस्वीरें कब और कैसे ली गई हैं इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.

तेजस्वी यादव ने तस्वीर शेयर कर सरकार पर साधा निशाना

वहीं आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा है. तेजस्वी ने लिखा, '' बिहार में जनविरोधी निर्णयों के कारण लाखों बेरोजगार युवा साथी दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं. क्या आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोदी जी को बतायेंगे कि उन्होंने बिहार को बेरोजगारी का मुख्य केंद्र क्यों नहीं बनाया? वो कभी बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं बोलते?‬''

उन्होंने कहा, ''माना कि मुख्यमंत्री नीतीश जी की घिसी हुई रूढ़िवादी सोच और बिहार के युवाओं की सोच में 50 साल तक खत्म नहीं होने वाला बड़ा अंतर है लेकिन फिर भी उन्हें युवाओं की प्राथमिकताओं को हम समझाकर ही रहेंगे. सरकार आने पर हम युवाओं को उनका हक दिलाकर रहेंगे. हमारी सरकार युवाओं के लिए पूर्ण समर्पित रहेगी. नीतीश जी सभी संविधान विरोधी निर्णयों पर समर्थन करते हैं लेकिन जनसरोकार के ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी क्यों साध लेते हैं?''

ये भी पढ़ें-

चुनाव जीतने के बाद सनी देओल ने नहीं किया एक भी दौरा, पठानकोट में लगे गुमशुदगी के पोस्टर

रात की ये आदतें, आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं