Lok Sabha Election 2019: लोकसभा के चौथे चरण के लिए चुनाव प्रचार आज थम गए. बिहार में 29 अप्रैल को चौथे चरण के तहत दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर लोकसभा सीट पर वोट डाले जाएंगे. इसमें बेगूसराय बिहार की हॉट सीट मानी जा रही है. यहां से आरजेडी के तनवीर हसन, बीजेपी के गिरिराज सिंह और सीपीआई के कन्हैया कुमार मैदान में हैं.

इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया कि तनवीर हसन बेगूसराय की सीट बड़ें अंतर से जीत रहे हैं. कोई कैसा भी माहौल बनाए हमें इससे फर्क नहीं पड़ता क्योंकि जनता अपना मिजाज बना चुकी है. उन्होंने कहा कि हम सभी 40 सीटों पर बीजेपी से लड़ रहे हैं.

बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के दिवंगत भोला सिंह ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी. भोला सिंह को 4 लाख 28 हजार 227 वोट मिले थे. तनवीर हसन दूसरे नंबर पर रहे थे और उन्हें 3 लाख 69 हजार 892 वोट हासिल किये थे. भोला सिंह के हाथों वे 58 हजार 335 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे. सीपीआई (एम) के राजेंद्र प्रसाद सिंह 1 लाख 92 हजार 639 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे. NOTA को 26 हजार 622 वोट मिले थे.

बेगूसराय के अलावे दरभंगा में आरजेडी के अब्दुल बारी सिद्दीकी मैदान में हैं वहीं एनडीए की तरफ से बीजेपी के गोपाल जी ठाकुर उम्मीदवार हैं. वहीं उजियारपुर में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय के खिलाफ आरएलएसपी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं. समस्तीपुर में एलजेपी के मौजूदा सांसद रामचंद्र पासवान के खिलाफ महागठबंधन ने कांग्रेस के अशोक राम को मैदान में उतारा है. मुंगेर लोकसभा सीट पर कांग्रेस की नीलम देवी और जेडीयू के ललन सिंह से मैदान में हैं.