पटना: लालू यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने ‘तेज सेना’ नाम के एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म शुरू करने का एलान किया है. ये कल यानी 28 जून को लॉन्च होगा. तेज प्रताप ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी. उन्होंने अपील कि है कि बदलाव के लिए ‘तेज सेना’ से जुड़ें.
तेजप्रताप ने ट्वीट किया, ‘’बदलाव के लिए तेज सेना से जुड़े. बदलाव लाने वालों के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म. 28 जून को लॉन्चिंग.’’ इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर ज्यादा जानकारी नहीं दी है. लोकसभा चुनाव के बाद तेजप्रताप एक बार फिर से सक्रिय होने की कोशिश में हैं.
ये चुनाव उनकी पार्टी के बेहद खराब रहा और आरजेडी खाता तक नहीं खोल पाई. जिसके बाद तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर भी सवाल उठा. हालांकि तेजप्रताप अपने छोटे भाई के बचाव में उतरे और कहा कि जिसे तेजस्वी के नेतृत्व पर शक है वह पार्टी छोड़ सकता हैं.
लोकसभा चुनाव में तेजप्रताप अपने फैसले को लेकर खासा चर्चा में रहे. पार्टी लाइन से बाहर जाते हुए उन्होंने आरजेडी उम्मीदवारों के खिलाफ ‘लालू-राबड़ी मोर्चा’ के तहत कैंडिडेट उतार दिए. उन्होंने कहा था कि पार्टी के सामने उन्होंने कुछ उम्मीदवारों को टिकट देने की मांग की थी लेकिन पार्टी ने उसे अनसुना कर दिया.
तेजप्रताप की नाराजगी तब खुलकर सामने आई जब पार्टी ने उनके ससुर चंद्रिका राय को सारण से टिकट दिया. तेजप्रताप को पार्टी का ये फैसला बिल्कुल भी पसंद नहीं आया. तेजप्रताप इतने नाराज हुए कि उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चंद्रिका राय को वोट न दें. इसको लेकर उन्होंने बाकायदा फेसबुक पर एक पोस्ट भी लिखा. उन्होंने अपने ससुर चंद्रिका राय को ‘बहरूपिया’ तक बता दिया. इसके अलावा आरजेडी के एक उम्मीदवार को उन्होंने आरएसएस का 'एजेंट' और एक को हथियारों का सौदागर बता दिया था.