अयोध्या: शिवसैनिकों को लेकर मुम्बई से अयोध्या के लिए चली स्पेशल ट्रेन शुक्रवार की शाम को शांतिपूर्वक माहौल में प्रयागराज से होती हुई आगे के लिए रवाना हो गई. स्पेशल ट्रेन में सवार शिव सैनिकों ने प्रयागराज में प्लेटफार्म पर उतरकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए हुंकार भरी. इस मौके पर प्लेटफार्म समेत पूरे जंक्शन को छावनी में तब्दील कर दिया गया था.
ट्रेन पहुँचने पर शिवसैनिक जब बोगियों से बाहर निकलकर भजन कीर्तन करते हुए नारेबाजी करने लगे तो माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया. दूसरे यात्री इस नारेबाजी से कुछ देर के लिए परेशान हो गए. स्पेशल ट्रेन पर सवार शिवसैनिकों ने मोदी सरकार पर मंदिर मुद्दे की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए अब खुद ही निर्माण शुरू किये जाने का एलान किया.
शिवसैनिक लगातार "हर हिन्दू की यही पुकार - पहले मंदिर फिर सरकार" के नारे लगा रहे थे. बहरहाल ट्रेन गुजरने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली.
शिवसेना के सांसद संजय राउत ने बीजेपी को राम मंदिर पर अध्यादेश लाने को कहा है. उन्होंने कहा,'' राम मंदिर पर सरकार को अध्यादेश लाना चाहिए. अगर मोदी जी चाहेंगे तो अध्यादेश आ सकता है''
दूसरी ओर 25 नवंबर को होने वाली धर्मसभा के मद्देनजर अखिलेश यादव ने अयोध्या में फौज तैनात करने की मांग की है. 25 नवंबर को ही शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे भी अयोध्या जाएंगे. अखिलेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट अयोध्या में फौज लगाए क्योंकि बीजेपी वाले कुछ भी कर सकते हैं. बीजेपी को ना तो संविधान पर भरोसा है और ना ही सुप्रीम कोर्ट पर.
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी का रुख भी इस मुद्दे पर साफ किया और कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के साथ रहेंगे. सरकार द्वारा अध्यादेश लाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को माना जाना चाहिए.
