बरेलीः उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला बरेली का है. यहां भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जिले के आंवला तहसील के रेवेन्यू इंस्पेक्टर को मंगलवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. भ्रष्टाचार निवारण संगठन के पुलिस अधीक्षक राजीव मेहरोत्रा ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को संगठन की टीम ने आंवला तहसील मुख्यालय पर सेवारत राजस्व निरीक्षक मोहम्मद इफ्तेखार को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.

क्या है मामला? पुलिस अधिकारी ने बताया कि आंवला तहसील के किदैना गांव के जगन्नाथ ने शिकायत की थी कि उसकी पट्टे की जमीन पर कुछ प्रभावशाली लोगों ने कब्जा कर लिया है. जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए उसने आंवला प्रशासन से कई बार फरियाद की थी, कोई कार्रवाई नहीं हुई. परेशान जगन्नाथ ने रेवेन्यू इंस्पेक्टर मोहम्मद इफ्तेखार से संपर्क किया. इफ्तेखार ने जगन्नाथ से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी. इसके चलते जगन्नाथ ने 5 हजार रुपये एडवांस के तौर पर इंस्पेक्टर को दिए.

उन्होंने कहा कि 15 हजार रुपये और देने की बात हुई थी. मंगलवार को 10 हजार रुपये जगन्नाथ ने रेवेन्यू इंस्पेक्टर को जैसे ही दिये उसी समय भ्रष्टाचार निवारण संगठन के 8 सदस्यों की टीम ने रिश्वत लेते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अधिकारी के खिलाफ थाना ओला में केस दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें:

आयुष विभाग के नोटिस का पतंजलि ने दिया जवाब, कहा- कोरोनिल के निर्माण में किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया