लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में बारिश के कारण हुई घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही जुलाई से अभी तक ऐसी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 154 पहुंच गई है. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और राज्य के अन्य जिलों में भी पिछले 48 घंटों से हो रही बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक अभी बारिश का दौर जारी रहेगा.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज सुबह 11 बजे तक मिली सूचना के अनुसार कि सूबे के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हुए वर्षाजनित हादसों में छह लोगों की मौत हुई है.
इस दौरान बाराबंकी में दो लोगों की जबकि कानपुर देहात, शाहजहांपुर, बलिया और कन्नौज में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. एक जुलाई से आज सुबह 11 बजे तक वर्षाजनित हादसों में 154 लोगों की मौत हुई है जबकि 131 लोग घायल हुए हैं. इस अवधि में 187 मवेशियों की मौत हुई है जबकि 1,259 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं.
इस बीच बारिश की वजह से रेल एवं सड़क यातायात पर भी इसका असर पड़ा है. पिछले कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से पूर्वांचल के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. कई जगहों पर पानी रिहायाशी इलाकों में प्रवेश कर गया है.
