पटना: बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड ने गंगा नदी पर बने फरक्का बांध को तोड़ने की मांग की है. पार्टी का कहना है कि बांध के चलते गंगा नदी में कीचड़ बढ़ता जा रहा है और गंगा नदी की पानी ग्रहण करने की क्षमता घटती जा रही है. बिहार में भारी बारिश के बाद राज्य के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. वहीं अब तक मरने वालों की संख्या 42 हो गई है.
कीचड़ के चलते पानी की निकासी में मुश्किल
पटना समेत बिहार के कई इलाके बाढ़ से परेशान हैं. गंगा और अन्य नदियां कई जगहों पर ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. पटना में जलजमाव की समस्या राष्ट्रीय सुर्खियां बनी हुई हैं. ऐसे में अब जेडीयू ने ये बड़ी मांग की है. पार्टी के प्रधान महासचिव और प्रवक्ता के सी त्यागी ने एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए दावा किया कि जबतक गंगा में गाद यानि कीचड़ की समस्या रहेगी तबतक पानी के निकासी की समस्या बनी रहेगी. त्यागी के मुताबिक कीचड़ की समस्या का एक बड़ा कारण फ़रक्का बांध है जो गंगा के पानी को रोक देता है.
पहले भी नीतीश कुमार उठा चुके हैं मांग
इसके पहले भी बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पहले भी ऐसी ही मांग की थी. 23 अगस्त 2016 को नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर एक ज्ञापन दिया था. ज्ञापन में नीतीश कुमार ने बिहार में बाढ़ के लिए गंगा में लगातार बढ़ रहे कीचड़ को एक बड़ा कारण बताया था और इसके लिए फरक्का बांध को दोषी ठहराया था. पीएम से इस बारे में तुरंत कदम उठाने की मांग करते हुए नीतीश कुमार ने कहा था कि फरक्का बांध को तुरंत तोड़ा जाए. फरक्का बांध पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में गंगा पर बना एक बड़ा बांध है जो राज्य के उत्तरी हिस्से में पड़ता है.
यह भी देखें
