इलाहाबाद: यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के गृह जनपद इलाहाबाद में कुछ बदमाशों द्वारा सरेआम गुंडागर्दी करते हुए लोगों से मारपीट किये जाने और सरेआम पिस्टल लहराए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में रोडवेज बस स्टेशन पर हुई गुंडागर्दी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
बुजुर्गों को भी नहीं छोड़ा
सीसीटीवी फुटेज में साफ़ नजर आ रहा है कि कुछ लोग बस स्टेशन के वाहन स्टैंड के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर बुरी तरह पीट रहे हैं. कर्मचारियों पर लात-घूंसे बरसाए जा रहे हैं. बुजुर्गों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है और उनकी भी बुरी तरह पिटाई की जा रही है. सरेआम पिस्टल लेकर लोगों को दौड़ाया जा रहा है और कर्मचारियों पर पिस्टल तानकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है. स्टैंड पर रखे फर्नीचरों को बिना किसी खौफ के तोडा जा रहा है.
सिविल लाइंस बस स्टेशन की है ये घटना
यह घटना इलाहाबाद के सिविल लाइंस बस स्टेशन के वाहन स्टैंड की है. वारदात 6 जून की रात की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है. जानकारी के मुताबिक़ छह जून की रात दो लोग शराब के नशे में धुत्त होकर वाहन स्टैंड पर पहुंचे और पर्ची देकर एक बाइक को बिना पैसे दिए ही जाने लगे.
फिलहाल पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं
स्टैंड पर मौजूद कर्मचारियों ने इस पर एतराज जताया और बाइक को रोक लिया तो उन लोगों ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. करीब आधा दर्जन लोगों ने इसके बाद जमकर हंगामा और मारपीट की. इस मामले में फिलहाल पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
