पटना: मुजफ्फरपुर शेल्टर हाऊस में नाबालिगों के साथ यौन शोषण की घटना चर्चा न सिर्फ राज्य में बल्कि पूरे देशभर में हो रही है. इस केस के आरोपी ब्रजेश ठाकुर ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत करते हुए कहा कि उसे फंसाया जा रहा है. इस बीच वहां रहने वाली बच्चियों ने अपनी दर्दनाक आपबीती सुनाई है.

मोबाइल में फोटो दिखाए जाने पर बच्ची ने फोटो को पहचानते हुए कहा कि ये फोटो सर (ब्रजेश ठाकुर) का है. ये हमारे साथ गलत करते थे. पीड़िता ने बताया कि जब उसके साथ जबरदस्ती की जाती थी तो वे इसका विरोध करती थी लेकिन वे मानते नहीं थे. उसने बताया कि कई लोग उनके साथ जबरदस्ती किया करते थे. एक बच्ची ने तो यहां तक कहा कि जब उनके साथ जबरदस्ती की जाती थी तो वह बोलती थी कि हम आपकी बच्ची बेटी जैसी हैं, फिर भी उनका यौन शोषण किया जाता था.

शेल्टर होम में अश्लील गाने बजते थे: पीड़िता

पीड़िता ने यह भी बताया कि शेल्टर हाऊस में शाम तक टीवी पर सीरियल चलता था लेकिन छह सात बजते-बजते भोजपुरी गाना बजने लगाता था. पीड़िता के मुताबिक वहां अश्लील गाने भी बजाए जाते थे और कभी-कभी भजन भी बजता था. उसने यह भी बताया कि जब उनकी तबीयत खराब होती थी तो उन्हें दवा खिलाया जाता था. बच्ची ने बताया कि उसने यह भी शिकायत की कि उसे दूसरे शेल्टर होम में जाना है. यहां खाना भी अच्छा नहीं है और सब लड़कियां यहां छोटे-छोटे ड्रेस पहनती हैं. मुजफ्फरपुर वाला शेल्टर हाऊस सबसे गंदा था.

वहीं ब्रजेश ठाकुर ने खुद को बेकसूर बतातेत हुए कहा कि उसे फंसाया जा रहा है. उसने कहा कि हमलोग बहुत गरीबी से ऊपर आये हैं. हमारे साथी संबंधी गरीबी में रह गए लेकिन हम गरीबी से ऊपर उठ गए. इसकी चलते वे हमसे जलने लगे.

ब्रजेश ठाकुर ने कहा, ''हम हमेशा चुनाव लड़े हैं. मेरा बेटा भी अभी 60 वोट से जिला परिषद में हटा है. हमारे खानदान में कभी किसी को टिकट नहीं मिला तो हमको टिकट मिल जा रहा नाम मिल जा रहा तो स्वाभाविक है कि लोग जलेंगे. मैंने महागठबंधन से चुनाव लड़ा था लेकिन 864 वोट से हार गया.''