कानपुर: प्रदेश के सबसे बेहतरीन तकनीकी विश्वविद्यालयों में शामिल हरकोर्ट बटलर प्रावधिक विश्वविद्यालय के रिकार्ड रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई. रिकार्ड रूम में रखी छात्रों के मार्कशीट ,डिग्री ,रजिस्ट्रेशन फार्म और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर बर्बाद हो गए. HBTU के कुलपति का मानना है कि रिकार्ड रूम की खिड़की का शीशा तोड़कर ज्वलन शील पदार्थ फेंका गया है. जिसकी वजह से रिकार्ड रूम में आग लगी है ,इसकी जांच के लिए तीन प्रोफेसरों की जांच कमिटी गठित की गई है.
दूसरे कमरों में भी फैल गई रिकार्ड रूम की आग
गुरुवार को HBTU में उस वक्त हड़कंप मच गया अचानक रिकार्ड रूम से आग की लपटे उठने लगी. जब तक रिकार्ड रूम को खोला कर पानी का छिड़काव किया गया तब तक आग विकराल रूप लेकर दूसरे रूम तक पहुंच चुकी थी. पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया गया. लेकिन आग की लपटों में महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए थे.
ज्वलन शील पदार्थ फेंके जाने का शक
HBTU के कुलपति प्रोफ़ेसर एन बी सिंह के मुताबिक हम लोग पहुंचे तो सभी दरवाजे बाहर से बंद थे. अन्दर से धुआं बहुत तेजी से निकल रहा था. लेकिन जो मुख्य दरवाजा था डीन एकडमिक ऑफिस का वहां से आग लगी हुई दिखाई दे रही थी. पहले तो आग को बुझाया गया अन्दर बहुत सा धुआ भरा हुआ था. ऐसा लगा कि बाहर से किसी ने कोई ज्वलन शील पदार्थ अन्दर फेंका है जो एक प्लास्टिक की कुर्सी पर गिरा और उसमें आग लग गई. उसी आग के कारण दूसरे कमरे में भी उसके चपेट में आ गए. इसमें किसी के शामिल होने की आशंका है.
रिकार्ड रूम की आग में सबकुछ जलकर राख
कुलपति ने कहा उस कमरे में छात्रों से सम्बंधित अभिलेख रहते हैं उनके रजिस्ट्रेशन से लेकर उनके द्वारा भरे गए एकडमिक से रिलेटेड फार्म रहते हैं. मार्कशीट और उनकी डिग्री रहती है. कुछ बच्चे समय पर मार्कशीट ले जाते हैं और कुछ बच्चे नहीं ले जाते है तो उन्हें सरंक्षित रखा जाता है. यहां पर आग से निपटने के लिए पानी के आलावा कोई और इंतजाम नहीं है.
इस घटना के लिए हमने तीन प्रोफेसरों की एक जांच कमिटी गठित की है यदि इसमें किसी कर्मचारी की संलिप्ता पाई गई तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाई की जाएगी. यदि किसी छात्र-छात्रा का इन्वाल्मेंट पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्यवाई की जाएगी.