पटना: चारा घोटाले के कई मामले में सजा काट रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव ने लोगों से भ्रम और अफवाहों से बचने की अपील की है. लालू यादव ने अपने ट्विटर हैंडल से रविवार शाम एक ट्वीट कर बिना किसी का नाम लिए कहा है कि ऐसे लोग विभिन्न प्रकार के भय और भ्रम फैलाकर उनके बच्चों और युवाओं को प्राणों की आहुति देने के लिए शब्दाडंबरों के जरिए उकसाएंगे.
आरजेडी सुप्रीमो ने लिखा है, "देश की जनता से विनम्र अपील है कि चुनावों का समय आ गया है, जिनकी राजनीति नफरत पर टिकी है वो लोग विभिन्न प्रकार के भय दिखाकर अथवा भ्रम व अफवाह फैलाकर आपके बच्चों तथा युवाओं को उनके प्राण की आहुति देने के लिए शब्दाडंबरों के द्वारा उकसाएंगे."
लालू यादव ने आगे कहा, "आपके बच्चे आपस में इंसानियत भूल गाय, गोबर और पाखंड के नाम पर एक दूसरे को मर-मार कर जीवन बर्बाद कर रहे होंगे तथा उन ढोंगी जुमलेबाजों के बच्चे अच्छे स्कूल कॉलेजों में अपना भविष्य गढ़ रहे होंगे. अत: सभी माता-पिता से निवेदन है कि स्वयं तथा अपने बच्चों को ऐसे भ्रामक प्रचार और अफवाहबाज संघों से सतर्क और सावधान रखें. शुरुआत यूपी-बिहार से हो चुकी है."
गौरतलब है कि चारा घोटाले में सजा पाने के बाद लालू इन दिनों झारखंड की एक जेल में सजा काट रहे हैं. फिलहाल, तबियत खराब रहने के कारण वे रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाजरत हैं.
