प्रयागराज: प्रयागराज के कुंभ मेले में एक बार फिर से आग लग गई. आग इस बार सेक्टर पंद्रह के मुक्ति मार्ग पर अवैध तरीके से चलाए जा रहे एलपीजी रीफिलिंग सेंटर में लगी. आग में एक टेंट और उसमें रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया.
राहत की बात यह रही कि लोगों ने कैम्प में रखे तकरीबन दो दर्जन एलपीजी सिलेंडर्स को आग की चपेट में आने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया. आग की तेज लपटों और धुंए की वजह से मेले के सेक्टर पंद्रह में अफरा तफरी मच गई.
फायर ब्रिगेड की तीन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू कर लिया. कुंभ मेला पुलिस ने इस मामले में अवैध तरीके से एलपीजी रीफिलिंग करने वाले राजू नाम के शख्स को हिरासत में ले लिया है.
राहत की बात यह रही कि कैम्प में रखे एलपीजी सिलेंडर्स को वक्त रहते ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना ब्लास्ट होने पर किसी बड़े नुकसान की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था. हफ्ते भर पहले शुरू हुए कुंभ मेले में आग लगने की यह पांचवीं घटना है.
आशंका है कि आग गैस लीकेज की वजह से लगी. यह कैम्प एक संस्था के नाम पर आवंटित था. संस्था के कैम्प में एलपीजी रीफिलिंग कैसे हो रही थी, पुलिस अब इसका पता लगा रही है.
