लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने आज समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. बीजेपी ने कहा भ्रष्टाचारियों, भूमाफियाओं और अपराधियों की पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोटालेबाज कांग्रेस से हाथ मिलाया है. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘अच्छे दिन’ नहीं देख पा रहे हैं.

उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'घोटालेबाज कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर भ्रष्टाचारियों, भूमाफियों और अपराधियों की संरक्षक समाजवादी पार्टी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीबों, किसानों और आम आदमी के लिए लाए गए अच्छे दिन तो नहीं देख पा रहे हैं.'

मौर्य ने आगे कहा, ‘लेकिन राजधानी में रोडशो के दौरान अखिलेश और कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी का रास्ता रोकने वाले बिजली के लटकते तारों ने सपा का विकास के नाम जनता के साथ किये गये फरेब की हकीकत जरूर बयां कर दी है.’ उन्होंने कहा, ‘अखिलेश राज में बिजली वितरण ढांचा दुरुस्त करने के नाम पर 100 करोड़ रुपए की बंदरबांट कर ली गई, लेकिन न तो झूलते तारों की हालत सुधरी और न ही बिजली मिल रही है. यह स्थिति राजधानी में है तो प्रदेश के अन्य जिलों में ध्वस्त हो चुकी विद्युत व्यवस्था का अंदाजा खुद से ही लगाया जा सकता है.’