पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव परिणाम को लेकर कहा कि वोटिंग से लेकर मतगणना तक घोर अनियमितता हुई है. मांझी ने जेडीयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर पर निशाना साधा. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद भी प्रशांत किशोर यूनिवर्सिटी के वीसी से बंद कमरे में बात करते हैं. इसके बावजूद भी उनपर न एफआईआर दर्ज हुआ, न गिरफ्तारी हुई.
मांझी ने कहा कि वोटों की गिनती को मीडिया कवरेज से दूर रखा इससे ज़ाहिर होता है कि चुनाव में बड़ा घपला हुआ है. उन्होंने राज्यपाल से से आग्रह किया कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाएं. अगर इसमें अनियमितता मिले तो चुनाव को रद्द किया जाए.
बता दें कि पीयू छासंघ चुनाव में जेडीयू ने ऐतिहासिक जीत हासिल की. छात्र जेडीयू के उम्मीदवार मोहित प्रकाश ने एबीवीपी के अभिनव कुमार को 1211 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया. छात्र जेडीयू के उम्मीदवार मोहित प्रकाश को कुल 3477 वोट मिले जबकि एबीवीपी के कैंडिडेट अभिनव कुमार मात्र 2266 वोट ही हासिल कर सके. गौरतलब है कि बीजेपी सहित विपक्ष ने भी छात्रसंघ के चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर को लेकर नीतीश कुमार पर निशाना साधा. इतना ही नहीं प्रशांत किशोर की गाड़ी पर नाराज छात्रों ने पथराव भी किया, जिसमें उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया था.
यह भी देखें