गोरखपुरः सीएम सिटी में अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर हर तरफ लोग योग करते हुए दिखाई दिए. गोरक्षपीठ से लेकर गोरखपुर विश्‍वविद्यालय तक योग की पाठशाला दिखाई दी. पार्क, कालोनियों और सोसाइ‍टी में भी लोग योग करते हुए दिखे. पांचवें अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह से ही सीएम सिटी के लोग पार्क और अन्‍य स्‍थलों पर जुटते दिखाई दिए.

युवाओं के साथ बच्‍चे और बुजुर्गों में भी इस दिन का उत्‍साह दिखाई दिया. पूरे विश्‍व के साथ सीएम सिटी की सुबह भी योगमय हो गई. गोरक्षपीठ से योग का गहरा नाता है. नाथ सम्‍प्रदाय और यहां के संतों को योग की वजह से पूरे विश्‍व में जाना जाता है.

यही वजह है कि गोरखपुर में गोरक्षपीठ से लेकर गोरखपुर विश्‍वविद्यालय तक लोग योग के महाकुंभ में गोता लगाते दिखाई दिए. उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसायटी लखनऊ द्वारा क्रीड़ा संकुल मैदान गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर पंचम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया.

इस दौरान गोरक्षपीठ में भी योग दिवस मनाया गया. विश्‍वविद्यालय प्रांगण में आयोजित योग कार्यक्रम में गोरखपुर के प्रभारी और उत्तर प्रदेश सरकार में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे. इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि योग लोगों को तन-मन से जोड़ता है.

उन्‍होंने कहा कि सच में सीएम सिटी में एक घंटे का कार्यक्रम विशेष है. योग निरोग रखने के साथ श्रेष्‍ठ बनाता है. कमिश्नर जयंत नार्लीकर ने कहा कि पांचवें योग दिवस 21 जून को सबसे बड़ा दिन होने के कारण इस दिन मनाया जाता है. इसे जीवन का अभिन्‍न अंग बनाने की जरूरत है.

इस अवसर पर जिलाधिकारी के विजयेंद्र पांडियन, नगर प्रमुख सीताराम जायसवाल, नगर विधायक डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भारी संख्या में मौजूद रहे. गोरक्षपीठ में योग दिवस पर खास आयोजन किया गया.

एक सप्‍ताह से चल रहे योग सप्‍ताह का आज महाकुंभ में बदल गया. यहां पर योगियों के साथ आमलोगों ने भी योग शिविरि में भाग लेकर लोगों को योग के महत्‍व को बताया.