गोरखपुर: गोरखपुर सदर लोकसभा सीट से तीन लाख से अधिक मतों से जीत हासिल कर संसद पहुंचने वाले फिल्म अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन ने सत्र के दूसरे दिन शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने लोकसभा स्पीकर से भोजपुरी में शपथ लेने के लिए अनुरोध किया. लेकिन, आठवीं अनुसूची में भोजपुरी भाषा के शामिल न होने के कारण उन्हें हिन्दी भाषा में शपथ लेनी पड़ी.
सत्र के बाद उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा में शपथ न ले पाने का उन्हें मलाल रहेगा. लेकिन, वे भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करवा कर ही दम लेंगे. संसद सत्र के दूसरे दिन गोरखपुर सदर सांसद रविकिशन ने सांसद पद की शपथ ली. रविकिशन ने अफसोस जताते हुए कहा कि भोजपुरी भाषा आठवीं अनुसूची में नहीं शामिल होने की वजह से वे आज चाह कर भी भोजपुरी भाषा में शपथ ग्रहण नहीं कर सके.
बता दें कि 17वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत में 18 जून को लोकसभा में प्रोटेम स्पीकर वीरेंद्र कुमार खटीक ने नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई. रविकिशन ने कहा कि मेरा भरपूर प्रयास भोजपुरी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करवाने का रहेगा. जिससे पूर्वांचलवासियों का मान-सम्मान बढ़े. इसके साथ ही भोजपुरी भाषा को सम्मान मिल सके.
फिल्म अभिनेता रवि किशन को साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने गोरखपुर से चुनाव मैदान में उतारा था. साल 2018 में हुए उपचुनाव में यह सीट भाजपा के हाथ से खिसक कर सपा के खाते में चली गई थी. इस सीट को वापस पाना भाजपा के प्रतिष्ठा का विषय बना रहा. क्योंकि उप चुनाव के पहले लगातार पांच बार चुनाव जीतकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस सीट से संसद पहुंच चुके हैं.
