गोरखपुरः बैट वाले विधायक की गुंडागर्दी ने भले ही उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भिजवा दिया. लेकिन, इससे अन्य माननीयों की सेहत पर कोई फर्क पड़ता दिखाई नहीं दे रहा है. इंदौर के भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय के बाद अब यूपी की सीएम सिटी यानी गोरखपुर शहर के भाजपा विधायक डा. राधा मोहन दास अग्रवाल नगर निगम के अधिकारियों को गाली देते हुए दिखाई दे रहे हैं. वे लोगों से कह रहे हैं कि इन लोगों को पीटते क्यों नहीं हैं. घेर कर पीटिए. ये सब कभी नहीं सुधरेंगे.
गोरखपुर के भाजपा विधायक और पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ डा. राधा मोहन दास अग्रवाल नंदानगर और सैनिक विहार कालोनी में चल रहे पाइप लाइन विस्तार का निरीक्षण करने पहुंचे. नगर निगम के अंतर्गत आने वाले जल निगम के अधिकारियों द्वारा जगह-जगह गड्ढे खोदे जाने से आए दिन दुर्घटनाएं और आमजन को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों की ओर से मौके पर पहुंचे विधायक डा. राधा मोहन दास अग्रवाल से एक पीडि़त ने बताया कि गड्ढे में गिरकर उसकी मां के हाथ में फैक्चर हो गया. इतना सुनते ही नगर विधायक डा. राधा मोहन दास अग्रवाल को गुस्सा आ गया. वे जल निगम के एक्सईएन और जेई को सबके सामने ही खरी-खोटी सुनाने लगे. वे स्थानीय लोगों से कहने लगे कि इन लोगों के ऊपर एफआईआर क्यों नहीं कराते. जब जेल में जाएंगे तो दिमाग ठिकाने आ जाएगा. इस दौरान वे उन अधिकारियों को गाली देने से नहीं चूके.
डा. राधामोहन दास अग्रवाल साल 2002 में हिन्दू महासभा से विधायक चुने गए. इसके बाद वे लगातार तीन बार से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर सदन पहुंचे हैं. वे साल 2012 में भाजपा विधानमंडल दल के प्रतिपक्ष के नेता भी रहे हैं. डा. राधामोहन दास अग्रवाल का विवादों से पुराना नाता रहा है. वे गोरखपुर में तैनात रहीं आईपीएस ऑफिसर और सीओ गोरखनाथ रही चारु निगम को सरेआम बेइज्जत करने को लेकर चर्चा में आए थे. उस दौरान इनकी फटकार से वे भीड़ में ही रो दी थीं.
