लखनऊ: केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से सोमवार को ईज ऑफ लिविंग इन्डेक्स जारी किया गया जिसमें यूपी के 14 शहरों को जगह मिली है. बनारस 33वें, झांसी 34वें, गाजियाबाद 46वें, रायबरेली 49वें, आगरा 55वें, लखनऊ 73वें, कानपुर 75वें, बरेली 81वें, अलीगढ़ 86वें, मुरादाबाद 88वें, इलाहाबाद 96वें, मेरठ 101वें, सहारनपुर 103वें और रामपुर 111वें स्थान पर रहा है. देश की राजधानी दिल्ली इस सूची में 65वें स्थान पर रही है. यानि यूपी के 5 शहर रहने के लिहाज से दिल्ली से भी बेहतर हैं. बनारस, झांसी, गाजियाबाद, रायबरेली और आगरा की रैंकिंग दिल्ली से बेहतर है. इस रिपोर्ट के मुताबिक हवा, पानी, रोजगार, शिक्षा और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं के मामले में ये पांच शहर दिल्ली से आगे हैं. हालांकि टॉप10 में यूपी का कोई शहर जगह नहीं बना पाया. आपको बता दें कि इस सूची में महाराष्ट्र का पुणे नंबर एक पर रहा. आपको बता दें कि कुल 111 शहरों की लिस्ट में यूपी के केवल 14 शहर हैं. मेरठ, सहारनपुर और रामपुर की रैंकिंग को 100 से भी पार है. 75 जिलों वाले यूपी के अधिकतर शहर तो लिस्ट में जगह तक नहीं बना पाए हैं.