लखनऊ: कोरोना वायरस की वजह से जेल में बंद कैदी भी जेल प्रशासन के लिए बड़ी चिंता बन गए हैं. कोरोना वायरस से संक्रमण के खतरे को देखते हुए गाजियाबाद के डासना जेल से 89 कैदियों को पैरोल पर रिहा किया गया है.

रिहा किए गए कैदियों में 88 पुरुष और 1 महिला कैदी शामिल हैं. कैदियों को 8 सप्ताह यानी कि 56 दिन के पैरोल पर रिहा किया गया है. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को कैदियों को पैरोल पर रिहा करने का आदेश दिया था.

देश में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है. अब तक इससे 1139 लोग संक्रमित हैं. वहीं 90 लोग इस बीमारी से बचने में कामयाब हुए हैं, वो पूरी तरह ठीक होकर अपने घरों को लौट गए हैं. हालांकि इस जानलेवा वायरस ने अबतक भारत में 27 लोगों की जान भी ले ली है.

कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र और केरल में सामने आए हैं. महाराष्ट्र में 203 लोग इस गंभीर वायरस से संक्रमित हैं तो वहीं केरल में 202 लोग इसकी चपेट में हैं.