योगी आदित्यनाथ ने जब तंज करते हुए कहा 'अरे सांसद जी कब आए आप'
ABP News Bureau | 24 Apr 2018 07:28 AM (IST)
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में चौपाल लगाई. दलित के घर दाल रोटी खाई. दिन भर उन्होंने अस्पताल से लेकर पुलिस थाने के चक्कर लगाए. योगी ने शुरूआत जिले के अफ़सरों की मीटिंग के साथ की.
लखनऊ: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में चौपाल लगाई. दलित के घर दाल रोटी खाई. दिन भर उन्होंने अस्पताल से लेकर पुलिस थाने के चक्कर लगाए. योगी ने शुरूआत जिले के अफ़सरों की मीटिंग के साथ की. इस बैठक में इलाक़े के मंत्री मोती सिंह, प्रतापगढ़ के सांसद हरिवंश सिंह और कौशांबी के एमपी विनोद सोनकर भी मौजूद थे. अपना दल के टिकट पर चुनाव जीत कर पहली बार हरिवंश सांसद बने हैं. वे बैठक में सबसे आख़िर में पहुंचे. योगी ने सिंह को देर से आते देख लिया था. मीटिंग में स्वास्थ्य सुविधा को लेकर बातचीत हो रही थी. अचानक हरिवंश ने टोका, “बजट ही नहीं है तो क्या होगा." इस बात पर योगी ने झट से कहा “अरे सांसद जी आप कब आ गए? आप अधिकारियों को इनसे सीखना चाहिए. ये मुंबई में रहते हैं फिर भी इन्हें इतनी जानकारी है.” योगी आदित्यनाथ का रात का खाना दलित के घर था. चौपाल ख़त्म होने के बाद यूपी के सीएम ने हाथ मुंह धोया और खाने के लिए ज़मीन पर बैठ गए. उनकी बाईं ओर दयाराम सरोज बैठे थे. उन्हीं के घर की महिलाओं ने खाना बनाया था. योगी के दाहिनी ओर कौशांबी से बीजेपी के दलित एमपी विनोद सोनकर बैठ गए. अब प्रतापगढ़ के सांसद हरिवंश सिंह क्या करें. किधर बैठें? वे सही सोच रहे थे कि योगी ने कहा - आप सामने बैठ जाएं हरिवंश जैसे ही सामने बैठने लगे. मीडिया वाले हल्ला मचाने लगे. अरे आप सामने बैठेंगे तो फिर फ़ोटो कैसे आएगी? इसी बीच हरिवंश सामने की क़तार में पाल्थी लगा कर बैठ गए. इस पर योगी मुस्कुराते हुए बोले, “अरे भाई इनका इतना वज़न है, ये बैठ गए यही काफ़ी है. वो भी सवेरे से हमारे साथ मेहनत कर रहे हैं.” मीडिया की तरफ़ से किसी ने कहा, “बैठ तो गए हैं लेकिन अब उठ पायेंगे क्या “