भोपालः मध्य प्रदेश के हरसोला गांव में लोगों में कैंसर बीमारी को लेकर दहशत फैली हुई है. इस गांव में महज एक साल में इस बीमारी से दस लोगों की मौत हो चुकी है. करीब दस हजार की आबादी वाले इस गांव को पांच साल पहले खतरनाक बीमारी ने अपने आगोश में ले लिया था. तब से लेकर अब तक हर साल यहां के लोगों की मौतें हो रही हैं.
गांव में पिछले एक साल में 10 लोगों की मौत कैंसर की वजह से हो चुकी है, जबकि अगर पिछले 5 सालों में कैंसर से हुई मौतों की बात करें तो ये आंकड़ा 20 हो जाता है. पिछले हफ्ते इस गांव में 6400 लोगों की जांच की गई जिनमें 21 लोगों में कैंसर के लक्षण पाए गए.
जिन लोगों में कैंसर के लक्षण पाए गए हैं उन्हें जांच के लिए इंदौर के अस्पताल भेजा गया है. अब लोग इस बीमारी से निजात पाने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं. स्वच्छता और तंबाकू के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए जन जागरण अभियान चलाए जा रहे हैं.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 180 किलामीटर दूर बसे हरसोला गांव में ये लाइलाज बीमारी कई परिवारों को तबाह कर चुकी है. गांव में रहने वाले एक परिवार ने पिछले तीन महीने में दो लोगों को खो दिया. दो भाइयों हज़ारी और रमेश की मौत के बाद परिवार सदमे में है. ये हाल केवल इस परिवार का ही नहीं है. इस गांव में कई ऐसे परिवार है जहां एक से ज्यादा लोगों की मौत कैंसर से हो गयी है.
अपने घरों में और आसपास कैंसर से हो रही लगातार मौतों से लोग डरे हुए हैं. कैंसर के इलाज में लाखों खर्च कर चुके ग्रामीण आर्थिक तौर पर भी काफी पिछड़ गए हैं. इन मौतों से लोगों के मन में प्रशासन के प्रति गुस्सा है. लोगों का कहना है कि सरकार केवल खानापूर्ति कर रही हैं जबकि कोई नियमित जांच भी नहीं होती है.