नई दिल्लीः दिल्ली में बीएसपी की अहम बैठक में आज पार्टी ने जयप्रकाश सिंह को बाहर निकाल दिया है. राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं. ऐसा कहने वाले बीएसपी नेता जयप्रकाश सिंह को पहले पार्टी से निलंबित किया गया और आज पार्टी से निकाल दिया गया. इस फैसले का एलान खुद पार्टी सुप्रीमो मायावती ने किया. जयप्रकाश सिंह ने यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के विदेशी मूल के ऊपर भी टिप्पणी की थी. जयप्रकाश बीएसपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे. इसके साथ ही वे पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर यानी राष्ट्रीय संयोजक भी थे.
आज पार्टी की बैठक में बीएसपी सुप्रीमो मायावती और प्रधान महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के अलावा पार्टी के सभी बड़े पदाधिकारी मौजूद थे. यूपी समेत 17 राज्यों के मुख्य कोआर्डिनेटर और यूपी के सभी जिला अध्यक्ष भी मौजूद थे. बैठक में लोकसभा और तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई. विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के गठबंधन के अलावा यूपी में सपा के गठबंधन पर चर्चा हुई. बीएसपी की बैठक देर रात तक चलेगी हालांकि इसमें मीडिया कवरेज नहीं हो रही है. बताया जा रहा है कि पार्टी सुप्रीमो मायावती कल मीडिया से बात कर सकती हैं.
क्या कहा था जय प्रकाश सिंह ने बीएसपी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और नेशनल कॉर्डिनेटर जयप्रकाश सिंह ने कहा था कि राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते क्योंकि वह अपने पिता राजीव गांधी से ज्यादा विदेशी मूल की अपनी मां सोनिया गांधी की तरह दिखते हैं.
मायावती ने लिया एक्शन इस बयान के बाद बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था. उन्होंने कहा," ऐसे बयान देना बीएसपी कल्चर के खिलाफ हैं. जयप्रकाश के बयान से पार्टी का कोई लेना देना नहीं है. यह उनकी व्यक्तिगत सोच है." मायावती ने जय प्रकाश सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और नेशनल कॉर्डिनेटर पद से हटाने की घोषणा कर दी थी.
तीन महीने पहले मायावती ने जयप्रकाश सिंह को बीएसपी का उपाध्यक्ष बनाया था. बहिनजी ने अपने भाई आनंद कुमार को हटा कर उन्हें ये ज़िम्मेदारी दी थी. उन्हें राज्य सभा सांसद वीर सिंह के साथ पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर भी बनाया गया था.