नई दिल्ली: बिहार बोर्ड मैट्रिक की परीक्षा गुरुवार से से शुरू हो गई है. आज पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई. परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए इस बार बोर्ड ने कड़ी व्यवस्था की है. पहले दिन 11 छात्र नकल करते पकड़े गए. बिहार विद्लाय परीक्षा समिति, पटना के मुताबिक इसमें गया में दो, औरंगाबाद में एक, अरवल में एक, वैशाली में दो, सारण में एक, जमुई में दो और सीवान में दो छात्र नकल करते पकड़े गए.
मुंगेर जिला में तीन व्यक्तियों, गया जिला में एक व्यक्ति को किसी अन्य परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया. इस तरह दोनों शिफ्ट में दो जिलों में कुल चार व्यक्तियों को किसी अन्य परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया.
बता दें कि इस बार परीक्षा में कुल 16,60,609 विद्यार्थी दे रहे हैं. इतने छात्र-छात्राओं के लिए 1,418 केन्द्र बनाए गए हैं. परीक्षा में क्वेश्चन पेपर लीक न हो इसके लिए इस बार 10 क्वेश्चन सेट बनाए गए हैं.
बिहार की राजधानी पटना में अकेले 76,432 विद्यार्थी परीक्षा देंगे. इसके लिए वहां 74 केन्द्र बनाए गए हैं. इस बार मैट्रिक की परीक्षा के लिए लड़कियों के लिए राज्य में खास इंतजाम किए गए हैं. इसके तहत 152 ऐसे परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जहां सिर्फ लड़कियां परीक्षा देंगी.
यह भी देखें
