कानपुर: कानपुर देहात में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई जहां पर दुल्हन ने वरमाला रस्म के वक्त शादी करने से इनकार कर दिया. दरअसल ये पूरा मामला रसूलाबाद थाना क्षेत्र का है. बारात आ चुकी थी सारे मेहमान भी शरीक थे. दुल्हन वरमाला लेकर स्टेज पर पहुंची और दूल्हा भी वरमाला लेकर खड़ा था पर जैसे ही दुल्हन को शराब की स्मेल आई और दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया. दुल्हन वहां दुल्हे को पहनाने वाली माला तोड़कर वापस लौट गई ,यह देखते ही दूल्हा दुल्हन को गालिया देने लगा.
दोनों पक्षों में शुरू हो गया विवाद
डांस कर रहे बाराती समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया पूरी रात बाराती और जानाति दुल्हन को मनाने में लगे रहे लेकिन दुल्हन नहीं मानी. आखिरकार बारात बिन दुल्हन ही वापस लौट गई वही लड़की पक्ष के लोगों ने रसूलाबाद थाने में तहरीर दी है.
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मेघजाल सुरेन्द्र कुमार गौतम की बेटी पिंकी की बीते शुक्रवार को शादी थी. सुरेन्द्र कुमार ने बेटी की शादी जनपद औरैया के लडियापुर गांव में रहने वाले ब्रजेश गौतम के बेटे हिमांशु से तय हुई हुई. बीते शुक्रवार को धूमधाम से बारात पिंकी के घर पहुची ,ढोल नगाडों की थाप पर बाराती झूम रहे थे. वहीं लड़की पक्ष की तरफ से अपनी हैसियत से ज्यादा इंतजाम किया था. जैसे ही बारात घर पहुंची बरातियों का स्वागत हुआ. इसके बाद द्वार पूजा की रस्म अदा की गई और दुल्हे को स्टेज पर बैठा दिया गया.
नशे में झूम रहा था दूल्हा
पिंकी ने बताया कि जैसे मै जयमाल लेकार स्टेज पर पंहुची तो दूल्हा नशे में झूम रहा था. वह इतना नशे में था कि ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. दुल्हे ने मेरे गले में वरमाला डाल दी लेकिन उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी ,वहीं पर खड़े-खड़े मैंने फैसला लिया मुझे ऐसे लड़के से शादी नहीं करनी है. सभी लोग इंतजार कर रहे थे कि मैं लड़के को वरमाला डालूं लेकिन मैंने नही ऐसा नहीं किया. यह देखकर बाराती और मेरे परिवार के लोग भी सन्न रह गए. तभी पीछे से किसी ने आवाज लगाई कि भाभी माला तो पहनाओ यह सुनते ही मैंने उसे तोड़ दिया और वापस लौट आई. इसके बाद वो दूल्हा मुझे और मेरे पिता को गलिया देने लगा ,दोनों पक्षों में लड़ाई झगड़ा शुरू हो गया.
इस वजह से बढ़ गया विवाद
लड़की के पिता सुरेन्द्र के मुताबिक जब मैंने बेटी जाकर पूछा कि क्या बात हो गई तो स्टेज से लौट आई तो उसने बताया कि दूल्हा नशे में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. मुझे ऐसे लड़के से शादी नहीं करनी है. मैं और रिश्तेदार बेटी को पूरी रात और अगले दिन तक समझाते रहे लेकिन वह नहीं मानी. इसके बाद लड़के के पिता भी बेटी से माफ़ी मांगते रहे जब बेटी नहीं मानी तो उन्होंने भी उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी. जिसकी वजह से विवाद और बढ़ गया.
दूल्हे ने कहा- जेवर कम आने पर हुआ बवाल
दुल्हे ने बताया कि मै नशे में नहीं था बल्कि चढ़ावे की रश्म के दौरान लड़की पक्ष के लोगों का कहना था कि लड़की के लिए जेवर कम आया है. इसके साथ ही उसकी पायल पुरानी है ,इस बात को लेकर विवाद हुआ था. हम लोग तो शादी के लिए तैयार थे लेकिन लड़की पक्ष की तरफ से शादी के लिए इंकार किया गया है.
रसूलाबाद थानाध्यक्ष सुशिल कुमार सिंह के मुताबिक बीते शनिवार को लड़की पक्ष की तरफ से तहरीर आई थी. तहरीर के आधार पर लड़के पक्ष के लोगों को भी बुलाया गया था ,दोनों पक्षों को बैठकर समझौता कराया गया है. लेकिन लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया है.
