इलाहाबाद: इलाहाबाद में लाल स्याही से धमकी भरी चिट्ठी लिखकर हाईकोर्ट को उड़ाने की धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. चिट्ठी मिलने के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी सिरफिरे की पहचान कर ली है. हालांकि अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. धमकी मिलने के बाद हाईकोर्ट की सुरक्षा एहतियातन बढ़ा दी गई है.
हाईकोर्ट कैम्पस में अफरा-तफरी का माहौल
चिट्ठी मिलने के बाद हाईकोर्ट कैम्पस में हड़कंप मचा रहा. अफसरों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हाईकोर्ट कैम्पस में कुछ महीने पहले ही टिफिन बम मिलने से इस बार अफरा तफरी का माहौल रहा.
इलाहाबाद हाईकोर्ट में कल शाम लाल स्याही से लिखी हुई एक धमकी भरी चिट्ठी मिली थी. चिट्ठी में लिखा था कि अदालत ने यूपी के पूर्व मंत्री आजम खान को तलब कर उन्हें कड़ी फटकार लगाई थी, इसलिए उसका बदला लेने की खातिर हाईकोर्ट कैम्पस को शुक्रवार को बम से उड़ा दिया जाएगा.
अफसरों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
चिट्ठी मिलते ही अफसरों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. रात करीब ढाई बजे शहर के कैंट थाने में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की गई. कैम्पस में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो आरोपी की पहचान हो गई.
अफसरों के मुताबिक़ चिट्ठी रखकर दहशत फ़ैलाने वाला शख्स हाईकोर्ट के ही एक वकील का मुंशी है. भाई से झगडे के बाद पिछले कुछ दिनों से उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है. सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने हाईकोर्ट पहुंचे एसएसपी आनंद कुलकर्णी के मुताबिक़ मुंशी ने सिर्फ प्रचार पाने के लिए यह हरकत की थी. हालांकि सुरक्षा कारणों से वकील और उनके मुंशी का नाम सार्वजानिक नहीं किया गया है. चिट्ठी भेजने के बाद से मुंशी घर छोड़कर फरार है.
काफी कड़ी कर दी गई हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था
अफसरों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. दूसरी तरफ धमकी मिलने के बाद हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है. पुलिस की टीमें खोजी कुत्तों और एंटी माइंस टीम के साथ लगातार निगरानी कर रही हैं.
