प्रयागराज: यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 ख़त्म किये जाने का विजय उत्सव समूचे उत्तर प्रदेश में ज़ोर-शोर से मनाया जा रहा है. यह विजय उत्सव मंडल स्तर पर दो दिनों तक मनाया जाएगा.

इससे पहले लखनऊ में यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा था कि बीजेपी विजय उत्सव मनाएगी और यूपी के सभी जिलों और मंडलों पर यह कार्यक्रम किया जाएगा.

विजय उत्सव के इस आयोजन के जरिये लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की अगुवाई में देश सुरक्षित हाथों में है और यह जोड़ी जल्द ही देश से आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा कर देगी.

उन्होंने अपने गृहनगर प्रयागराज के लोगों को अब बेफिक्र होकर परिवार समेत कश्मीर जाने की सलाह दी है. उन्होंने कहा है कि सरकार ने इस तरह के इंतजाम कर दिए हैं कि लोग अब बिना डर व फ़िक्र के डल झील में नौकायन कर सकेंगे.

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने प्रयागराज में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि अगर सरदार पटेल का असामयिक निधन नहीं हुआ होता तो वह जूनागढ़ और हैदराबाद की तरह कश्मीर की समस्या का भी समाधान कर पूरे हिस्से को भारत का अभिन्न अंग बना देते.