मायावती का दावा, मोदी के करीब पतियों के जाने से घबरा जाती हैं बीजेपी की विवाहित महिलाएं, अब बीजेपी बोली- माफी मांगे
एबीपी न्यूज़ | 14 May 2019 09:00 AM (IST)
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अपने एक बयान में पीएम मोदी की निजी जिंदगी के बारे में बातें कीं जिसके बाद बीजेपी की ओर से भी पलटवार किया गया.

लखनऊ: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अपने एक बयान में पीएम मोदी की निजी जिंदगी के बारे में बातें कीं जिसके बाद बीजेपी की ओर से भी पलटवार किया गया. अरुण जेटली और निर्मला सीतारमण ने मायावती की बातों का जवाब दिया. क्या कहा था मायावती ने उन्होंने कहा," मुझे पता चला है कि बीजेपी में खासकर विवाहित महिलाएं अपने पतियों को मोदी के करीब जाता देखा घबरा जाती हैं. वह सब यह सोचती हैं कि कहीं यह मोदी अपनी औरत की तरह ही हमको भी हमारे पतियों से अलग न करवा दे." मायावती ने कहा, "बीजेपी के लोग महिलाओं का सम्मान नहीं करते यहां तक कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए पीएम मोदी ने अपनी पत्नी को भी छोड़ दिया. मोदी अगर राजनीतिक लाभ के लिए अपनी पत्नी को छोड़ सकते हैं तो फिर देश की मां व बहनों को वह कैसे न्याय दे सकते हैं. वह इनको कैसे सम्मान देंगे." बीजेपी ने किया पलटवार मायावती ने इस बयान पर बीजेपी नेताओं की ओर से भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. बीजेपी नेता अरुण जेटली ने ट्विटर पर लिखा," बहन मायावती- ये प्रधानमंत्री बनना चाहती हैं. जबकि इनका शासन, नैतिकता और बातें हमेशा निचले दर्जे की होती हैं. आज उन्होंने पीएम पर जो पर्सनल अटैक किया उससे साफ है कि वो पब्लिक लाइफ के लिए अनफिट हैं." रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी मायावती पर निशाना साधा. उन्होंने कहा,"हमें उनकी बातें सुनकर निराशा और हैरानी हुई कि उन्होंने पीएम के व्यक्तिगत जीवन और बीजेपी की महिलाओं के प्रति कैसी बातें कही हैं. बहन मायावती आप निश्चिंत रहें हम महिलाएं बीजेपी पर बिल्कुल सुरक्षित हैं." बीजेपी नेता और सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने भी मायावती पर निशाना साधा है और उनके बयान को देश की महिलाओं का अपमान बताया है. बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीएसपी चीफ मायावती से बयान पर माफी मांगने को कहा है. पीएम को लगातार निशाने पर ले रहीं मायावती मायावती अपने भाषणों और बयानों में सीधे प्रधानमंत्री को निशाने पर ले रही हैं. उन्होंने जाति के मुद्दे पर भी पीएम पर निशाना साधा और आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि मोदी खुद को पिछड़ा (ओबीसी) बताते हैं लेकिन ऐसा नहीं है. अपने मुख्यमंत्रीत्व काल में उन्होंने इस जाति को ओबीसी में डाला था. असली पिछड़े तो अखिलेश यादव हैं.