पटना: लोकतंत्र का एक शानदार दृश्य आज बिहार की राजधानी पटना में देखने को मिला. यहां की रहने वाली सबा और फराह जिसका सिर बचपन से ही जुड़ा हुआ है ने पटना के एक मतदान केंद्र पर अलग-अलग मतदान किया. 23 साल की सबा और फराह अलग-अलग वोट डालकर काफी खुश हैं. बता दें कि साल 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में दोनों के एक ही वोटर आईडी कार्ड रहने के कारण सबा और फराह एक ही वोट कर पाए थे. दोनों ही जुड़वा बहन पटना के समनपुरा क्षेत्र में रहती हैं.

दोनों के अलग-अलग वोट करने पर पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने शनिवार को कहा कि इनकी शारीरिक स्थिति के चलते इन्हें अलग पहचान से वंचित नहीं किया जा सकता. उनका दिमाग अलग अलग है, अलग-अलग विचार और पसंद हैं. इसलिए इन्हें अलग-अलग मतदाता पहचानपत्र जारी किये गए हैं और उन्हें बारी बारी से वोट डालने की इजाजत मिली.

इन जुड़वा लड़कियों की कहानी हाल ही में चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर हैशटैग चुनाव की कहानियों में साझा की थी. डॉक्टर्स ने दोनों को शल्यक्रिया के जरिये अलग करने के बहुत प्रयास किये गये लेकिन यह संभव नहीं हो सका. बाद में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को दोनों बहनों को पांच हजार रुपये महीना देने का निर्देश दिया था, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दिया गया.

बता दें कि पटना साहिब सीट पर अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं और उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद से है. देश में इस बार सात चरणों में लोकसभा का चुनाव हो रहा है और आज आखिरी चरण में मतदान हो रहा है. मतों की गिनती 23 मई को होगी.