बरेली: यूपी का बरेली एक बार फिर गोलियों की गड़गड़ाहट से दहल उठा. आधी रात को ताज नगरी आगरा में डकैती डालने जा रहे बदमाशों की खबर जैसे ही बरेली पुलिस को लगी तो पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी. क्राइम ब्रांच और सुभाषनगर पुलिस ने मिलकर बदमाशों को घेर लिया. जिसके बाद पुलिस और बदमाशों की बीच हुई मुठभेड़ हुई और बदमाशों को पकड़ लिया गया.

आगरा में मीट व्यापारी के यहां डेढ़ करोड़ डकैती डालने जा रहे थे डकैत

पुलिस ने जिन पांच डकैतों को गिरफ्तार किया है वे सभी शातिर अपराधी है. अगर इन्हें बरेली पुलिस नहीं पकड़ती तो ये बदमाश आगरा में मीट व्यवसायी के यहां डकैती की वारदात को अंजाम दे चुके होते. एसएसपी मुनिराज ने बताया कि ये पांचों शातिर अपराधी है और बरेली के देवरनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. ये पांचों बदमाश आगरा में करीब डेढ़ करोड़ की डकैती को अंजाम देने जा रहे थे. पुलिस को मुखबिर की सटीक जानकारी पर क्राइम ब्रांच और सुभाषनगर पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया. बदमाश इनोवा गाड़ी से थे. पुलिस ने बदायू रोड पर बंद पड़ी चीनी मिल के पास बदमाशों को घेर लिया. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने इनोवा की रफ्तार बढ़ा दी. जिससे आगे जाकर इनोवा एक पेड़ से जा टकराई और बदमाशों ने गाड़ी से निकलकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जबाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई. पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बदमाश कंपनी को गिरफ्तार कर लिया. बदमाशों के पास से कई अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं. बदमाशों के पास से 15 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं.

सोमवार को दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर कर मौत के घाट उतारा था

गौरतलब है कि सोमवार को पुलिस ने डकैती डाल कर भाग रहे बदमाशों को एनकाउंटर के दौरान दो बदमाशों को मौत के घाट उतार दिया था. जबकि 4 बदमाश भागने में कामयाब हुए थे. हालांकि पुलिस के इस एनकाउंटर पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं.

पुलिस की गिरफ्त में आये बदमाशों की डिटेल

1. मुन्ने खां पुत्र छोटे खा निवासी शाहपुर डांडी थाना देवरनिया बरेली (घायल)

2. वली शाह उर्फ लम्बू पुत्र अमीर शाह निवासी शाहपुर डांडी थाना देवरनिया बरेली हाल पता चन्द्रपुर सरनियाथाना CB गंज बरेली (घायल)

3.सईम उर्फ चीमा पुत्र जाहिद पठान निवासी ग्राम मुरारपुर थाना भोजीपुरा बरेली

4. शरीफ पुत्र फकीरे मंसूरी निवासी कबरा हुसैनपुर थाना कटरा जिला शाहजहांपुर

5. धर्मेन्द्र गंगवार पुत्र भागीरथ निवासी मो0 जाजू नागर थाना बहेडी बरेली

बदमाशों के पास से ये हुई बरामदगी

बदमाशों के पास से तीन तमंचे 315 बोर, एक 12 बोर, तीन खोखा कारतूस 315 बोर, 06 जिन्दा कारतूस 315 बोर, 04 जिन्दा कारतूस 12 बोर, एक चाकू, एक सफेद रंग इनोवा गाड़ी न0 UP 25 AB 0121, 05 मोबाईल और 15000 रूपये बरामद किए गए हैं.