कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से चोरी का बहुत बड़ा मामला सामने आया है. शहर के नामी सर्राफा व्यापारी लाला जुगल किशोर एंड सन्स की दुकान से 100 किलो सोना, 500 किलो चांदी और 10 कैरेट हीरे चोरी होने का दावा किया गया है. इस सामान की कीमत करीब 140 करोड़ बताई गई है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक आभूषण विक्रेता ने अपनी दुकान से 140 करोड़ रुपये का सोना और गहनों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ता आभूषण विक्रेता की एक दुकान बिरहाना रोड पर है. यह दुकान व्यापारिक साझेदार के साथ विवाद के बाद पांच साल पहले बंद हो गई थी.
फीलखाना थाना इलाके में ये दुकान रुचिर और पंकज रस्तोगी की पार्टनरशिप में थी. दोनों आपस में चाचा भतीजे हैं. दोनों के बीच पार्टनरशिप को लेकर विवाद हुआ तो दोनों ने कोर्ट की शरण ली. 2013 में इस दुकान को यथास्थिति में बंद कर दिया गया.
रुचिर का आरोप है कि उनके चाचा पंकज ने ये चोरी कराई है. उनकी तहरीर पर पंकज के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है. हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के कागज जांच रही है और चोरी की भी जांच कर रही है.
यहां की अदालत ने कुछ समय पहले दुकान को दोनों साझेदारों की मौजूदगी में पुलिस द्वारा खोले जाने का आदेश दिया था. लेकिन दुकान को फिर से खोले से जाने से पहले यह कथित चोरी का मामला सामने आया है. दर्ज कराई गई शिकायत में कई हीरे, 500 किलो चांदी, 100 किलो सोना व गहने के साथ ही कुछ व्यवसाय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज के चोरी होने की बात कही गई है.
पुलिस अधीक्षक (पूर्व) राज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मामले में जांच जारी है. पुलिस ने कहा कि वह आभूषण की दुकान व दूसरे व्यापारिक प्रतिष्ठानों व दुकानों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. जिस दुकान में कथित तौर पर चोरी हुई है वह दो साझेदारों के बीच थी. यह दुकान 30 मई 2013 को विवाद के बाद बंद हो गई थी.
