कैराना उपचुनाव में हार के बाद यूपी में अफ़सरों के तबादले
पंकज झा, एबीपी न्यूज | 05 Jun 2018 08:56 PM (IST)
उपचुनाव में हार के बाद सहारनपुर के डीएम प्रमोद कुमार को हटा दिया गया है.प्रमोद कुमार की जगह गुजरात कैडर के आलोक पांडे को भेजा गया है. वे तीन सालों के लिए इंटर कैडर डेपुटेशन पर यूपी में हैं.
लखनऊ: कैराना उपचुनाव के बाद योगी सरकार ने पहली बार आईएएस अफ़सरों के तबादले किए हैं. दो जिलों के डीएम समेत तीन आईएएस अधिकारी बदले गए. उपचुनाव में हार के बाद सहारनपुर के डीएम प्रमोद कुमार को हटा दिया गया है. कैराना लोकसभा में विधानसभा की 5 सीटें आती हैं. इनमें से गंगोह और नकुड़ सहारनपुर जिले के हिस्से हैं. प्रमोद कुमार की जगह गुजरात कैडर के आलोक पांडे को भेजा गया है. वे तीन सालों के लिए इंटर कैडर डेपुटेशन पर यूपी में हैं. वे अब तक औद्योगिक विकास और एनआरआई विभाग में विशेष सचिव थे. आलोक पांडे काफ़ी दिनों से किसी बड़े जिले का डीएम बनना चाहते थे. पिछले साल सहारनपुर में दलित और ठाकुरों के झगड़े के बाद प्रमोद को डीएम बना कर भेजा गया था. उनसे पहले के डीएम एनपी सिंह और एसएसपी सुभाष दूबे को सस्पेंड कर दिया गया था. राजशेखर को बस्ती जिले का डीएम बनाया गया है. वे पीडब्ल्यूडी विभाग में विशेष सचिव थे.इस विभाग के मंत्री यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हैं. 2004 बैच के आईएएस अफ़सर राजशेखर लखनऊ और इलाहाबाद के डीएम रह चुके हैं. उन्हें बस्ती जैसे छोटे जिले का डीएम बनाने से सब हैरान हैं. इससे पहले उनके ही बैच के आईएएस अधिकारी बलकार सिंह को वहां का जीएम बनाया गया था. लेकिन उन्होंने बस्ती का डीएम बनने से इंकार कर दिया. बलकार सिंह पहले की तरह खनन विभाग के निदेशक बने रहेंगे. उनकी पत्नी शचि घिल्डियाल आईपीएस अधिकारी हैं और इन दिनों ईंटेलिजेंस ब्यूरो में काम कर रही हैं.