बेंगलुरुः कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को सचेत करने के लिए एक अलग और अनूठा प्रयास किया जा रहा है. यहां आज टाउन हॉल के निकट मृत्यु के देवता गदाधारी ‘यमराज’ का रूप धरकर पारंपरिक सुनहरे पोशाक में एक व्यक्ति मोटरचालकों को रोककर उन्हें यह चेतावनी देता दिखा कि अगर उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन किया तो वह उनके घर आयेगा.
हलासुरु गेट यातायात पुलिस ने लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरुकता फैलाने के लिये ‘यमराज’ को अपना ब्रैंड एम्बेसडर बनाया है, ताकि लोगों में यह संदेश जाये कि अगर वे हेलमेट के बगैर, लापरवाही से वाहन चलाते हैं या यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं तो यह उनके जीवन के लिये खतरनाक हो सकता है.
यातायात पुलिस उपायुक्त अनुपम अग्रवाल ने बताया , ‘हमलोग जुलाई को सड़क सुरक्षा माह के तौर मना रहे हैं. हमलोग स्कूल कॉलेजों में भाषण और नुक्कड़ नाटक जैसे कई कार्यक्रमों को करने वाले हैं.’ उन्होंने बताया , ‘इसके अलावा हमने ‘यम’ नामक चरित्र के इस्तेमाल का विचार किया ताकि लोगों में यह संदेश फैला सकें कि अगर उन्होंने यातायात नियमों का पालन नहीं किया तो यमराज उनके घर आ जायेगा.’
दरअसल बेंगलुरू में ट्रैफिक की समस्या बेहद गंभीर है और इसको काबू में करने के लिए बेंगलुरू ट्रैफिक पुलिस ने ये नया तरीका निकाला है जिससे लोगों में नियमों को लेकर जागरुकता फैलाई जा सके.
