नई दिल्ली: मॉनसून की सबसे ज़्यादा हलचल आज दिन भर उत्तराखंड, पश्चमी उत्तर प्रदेश , पूर्वी हरियाणा, पूर्वी पंजाब और उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश में देखने को मिली. उत्तराखंड में देहरादून, मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश सहित कई शहरों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा.
चंडीगढ़, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरूग्राम और फरीदाबाद में सुबह से ही रिमझिम बरसात हो रही है, जो रात में भी बनी रहेगी. मेरठ में सुबह से दोपहर तक 147 मिमी की भीषण बारिश हुई. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाकी शहरों में भी अच्छी मॉनसून वर्षा जारी रही. उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के तराई वाले शहरों में मॉनसून ने अच्छी बरसात दी है.
कल आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम का हाल? आज सदी का सबसे बड़ा चंद्रग्रहण लग रहा है. अगर बादल इजाज़त देंगे तो भारत के सभी भागों में ग्रहण दिख सकता है. आपको बता दें कि बादलों के कारण श्रीनगर, शिमला, देहारादून, अमृतसर, करनाल, चंडीगढ़, दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर, रांची, पटना, कोलकाता और गुवाहाटी में आप चंद्रग्रहण नहीं देख पाएंगे. हालांकि मुंबई, सूरत, गोवा, बंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में चंद्रग्रहण देखा जा सकता है.
चंद्रग्रहण 28 जुलाई को सुबह 3 बजकर 49 मिनट तक चलेगा. इस दौरान केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित देश के सभी प्रमुख मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे. ग्रहण खत्म होने के बाद लोग बड़ी संख्या में मंदिरों में पूजा के लिए पहुँचते हैं. आपके लिए यह जानना ज़रूरी है कि हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश के साथ बादल फटने का भी खतरा है. इसलिए सावधानी ज़रूरी है.
हरियाणा, पंजाब के शहरों में अच्छी बारिश जारी रहेगी. दिल्ली-एनसीआर में तीव्रता कम होगी लेकिन हल्की से मध्यम बौछारें बनी रह सकती हैं. उत्तर प्रदेश और बिहार पर मॉनसून आगे भी मेहरबान रहेगा और लखनऊ, पटना सहित कई शहरों में अच्छी तेज़ बारिश से बड़ी राहत मिलती रहेगी.