Weather Forecast: गर्मी बढ़ते ही मौसम ने मारी पलटी, होगी भारी बारिश, जानें यूपी-दिल्ली से बिहार तक कहां-कहां बरसेंगे बादल
Weather Forecast: देशभर में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री तक ज्यादा रह सकता है.

देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दिन के समय उमस लोगों को परेशान करने लगी है. India Meteorological Department (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है. उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, गुजरात और मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
कैसा रहने वाला है पहाड़ी इलाकों का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 16 मार्च तक कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 11 से 12 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 11 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. IMD ने यह भी संकेत दिया है कि 14 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेर्स्टन डिर्सबेंस एक्टिव हो सकता है, जिसके प्रभाव से कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली-NCR में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का असर महसूस होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राजधानी में हल्के बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सुबह के समय पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जबकि रात में इसकी गति बढ़कर लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली और बुलंदशहर में 15 से 16 मार्च के बीच हल्की बारिश हो सकती है.
राजस्थान में तापमान बढ़ा
राजस्थान के कई जिलों में तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 14 और 15 मार्च को पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 11 से 16 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
Source: IOCL


























