कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होने के बाद भी कुछ हिस्सों में राजनीतिक हिंसा जारी है. पिछले कुछ दिनों में राज्य के एक मंत्री के काफिले पर हमले, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पिटाई के मामले सामने आए हैं. यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर टीएमसी के दफ्तरों में लूटपाट करने की खबरें सामने आई हैं.

क्या कहा अधिकारियों ने-

 अधिकारियों ने रविवार को बताया कि वन मंत्री विनय कृष्ण वर्मन के काफिले पर बीजेपी से कथित तौर पर जुड़े लोगों ने हमला किया. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मंत्री को वहां से सुरक्षित निकाला. राज्य के पुलिस विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कूचबिहार के दिनहाटा, जलपाईगुड़ी के पहाड़पुर और गंगारामपुर दक्षिण दिनाजपुर से हिंसक घटनाओं की सूचना मिली हैं.

पुलिस का बयान-

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'हमारी नजर इन घटनाओं पर है. कई स्थानों पर हमने जरूरी कार्रवाई भी की है. कई जगहों पर पुलिस पिकेट भी बनाये गए हैं.'

पुलिस ने बताया कि तृणमूल और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा और कांकीनारा इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गयी है. स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

चुनाव में टीएमसी-बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला-

बता दें कि लोकसभा चुनाव परिणाम में इस बार तृणमूल कांग्रेस को बीजेपी ने कड़ी टक्कर दी है. बीजेपी को राज्य में 18 सीटें और टीएमसी को 22 सीटें मिली हैं. इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच काफी झड़प की घटना देखी गई थी.

श्रीलंका से ISIS की नौकाओं को लेकर खुफिया सूचना के बाद केरल में हाई अलर्ट

शारदा चिटफंड घोटाला: IPS राजीव कुमार पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, CBI ने आज पूछताछ के लिए बुलाया