नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी की नई महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जहां आज लखनऊ में रोड शो कर रहीं हैं तो वहीं उनके पति रॉबर्ट वाड्रा दिल्ली में बाइक की सवारी करते हुए देखे गए. बाइक पर वाड्रा को देखते ही मीडियाकर्मियों ने उनसे सवाल पूछने की कोशिश की लेकिन वह बिना कोई जवाब दिए दिल्ली स्थित अपने घर के अंदर चले गए.

बता दें कि रॉबर्ट वाड्रा कई दिनों से मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में ईडी के सवालों का सामना कर रहे हैं. यह मामला लंदन के ब्रायनस्टन स्क्वायर में 19 लाख पाउंड की संपत्ति की खरीद में कथित धनशोधन से जुड़ा है. आरोप है कि यह संपत्ति रॉबर्ट वाड्रा की है और इसे उन्‍होंने फरार रक्षा डीलर संजय भंडारी से खरीदा. वाड्रा से इस मामले में बीते 6 फरवरी से लेकर अब तक कई बार पूछताछ की जा चुकी है.

बता दें कि इस मामले में रॉबर्ट वाड्रा लगातार तीसरे दिन बीते शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए थे. उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई. यह लगातार तीसरा दिन था जब कारोबारी (वाड्रा) जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए.

इससे पहले छह और सात फरवरी को पूछताछ के दो सत्रों के बाद अधिकारियों ने कहा था कि जांच अधिकारी (आईओ) को मामले में वाड्रा से और भी सवाल पूछने थे और इसलिए उन्हें शनिवार को पेश होने के लिए कहा गया. इससे पहले उनसे छह और सात फरवरी को पूछताछ की गई थी.

वाड्रा ने प्रियंका गांधी को दी बधाई

देश और उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए आज ऐतिहासिक दिन है. पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान मिलने के बाद पहली बार प्रियंका आज रोड शो कर रही हैं. रोड शो से पहले प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने उन्हें बधाई दी. रॉबर्ट वाड्रा ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए लिखा, तुम एक सच्ची दोस्त, परफेक्ट वाइफ और मेरे बच्चों के लिए बेस्ट मां साबित हुई हो. आज के दिन दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिक माहौल है, मुझे पता है तुम अपनी जिम्मेदारी को सही से निभाओगी. हम प्रियंका को देश के हवाले करते हैं, भारत की जनता इनका ध्यान रखे.

इससे पहले रोड शो में प्रियंका को देखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है. प्रियंका हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रही हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी का फूल-मालाओं से स्वागत कर रहे हैं. 9 घंटे के इस रोड शो में प्रियंका गांधी के साथ राहुल गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजबब्बर सहित पार्टी के कई बड़े नेता हैं.