महाराष्ट्र के पुणे रेलवे स्टेशन पर सोमवार (27 अप्रैल) शाम एक बड़ा हादसा टल गया. मुंबई से सोलापुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22225) की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई. यह घटना उस समय हुई, जब शाम करीब 7:30 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर प्रवेश कर रही थी.

कैसे हुआ हादसा

शाम करीब 7:30 बजे मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22225) प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रही थी, तभी एक बोगी पटरी से नीचे उतर गई. हादसे के बाद रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की कोई खबर नहीं है. फिलहाल ट्रेन के कोच को पटरी पर लाने का काम जारी है. वहीं, रेलवे प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

सी-15 कोच का अगला पहिया पटरी से उतरा

जानकारी के अनुसार, ट्रेन का सी-15 कोच का फ्रंट व्हील अचानक पटरी से उतर गया, जिससे कुछ समय के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे. घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया. 

यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

यात्रियों की सुविधा के लिए उन्हें दूसरी ट्रेन (रैक) में शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है, ताकि उनकी यात्रा बिना ज्यादा देरी के पूरी हो सके. बताया गया है कि यह डायमंड क्रॉसिंग भारतीय रेलवे के तहत पुणे स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जहां ट्रैक अपग्रेड का काम पहले से योजनाबद्ध है.

बता दें कि पिछले साल 2025 में कई ट्रेनों के डिरेल होने की खबर आई थी. हालांकि कोई बड़ी घटना नहीं हुई.

यह भी पढ़ें : 'ईरान रोज कर रहा अमेरिका की बेइज्जती', जर्मनी ने ट्रंप को दी नसीहत, बताया क्यों नहीं बचा कोई रास्ता