जयपुर: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी टीना डाबी के नाम से बनाए गए फर्जी फेसबुक प्रोफाइल पर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के संदर्भ में कथित नकारात्मक और विरोधाभासी टिप्पणी किये जाने की प्रदेश बीजपी ने निष्पक्ष जांच की मांग की है.

भीलवाड़ा की उपखंड अधिकारी (एसडीएम) टीना डाबी के नाम पर बनाए गए फेसबुक प्रोफाइल पर पिछले महीने ये टिप्पणी की गई थी. आईएएस अधिकारी टीना डाबी ने दावा किया कि उनके नाम से बनाया गया फेसबुक खाता फर्जी था और उन्होंने इस संबंध में मामला दर्ज करा दिया है.

बीजेपी जिला अध्यक्ष लादू लाल तेली के नेतृत्व में बीजेपी पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भीलवाड़ा के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को गृह मंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र महावर ने बताया कि भीलवाड़ा की उपखंड अधिकारी टीना डाबी ने मामला दर्ज करवाया है और जांच जारी है. साल 2015 की आईएएस टॉपर टीना डाबी ने बताया कि यह सब फर्जी है और उनके नाम पर गुमराह करने वाले पोस्ट चलाए जा रहे हैं.