श्रीनगर: कश्मीर घाटी में हाल में आतंकवादी घटनाएं बढ़ने के मद्देनजर वहां स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा बिल्कुल कड़ी कर दी गयी है. अधिकारियों ने बताया है कि यहां जम्मू कश्मीर की गर्मियों की राजधानी और घाटी के अन्य जिलों में स्वतंत्रता दिवस से पहले महत्वपूर्ण जगहों के इर्द-गिर्द सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है. बताया जा रहा है कि सुरक्षा कड़ी करने का कारण 15 अगस्त के कार्यक्रमों में बाधा डालने की आतंकवादियों की किसी भी कोशिश को नाकाम करना है.
उन्होंने बताया है कि घाटी में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के मुख्य स्थल बख्शी स्टेडियम को पुलिस और सीआरपीएफ की बड़ी टुकड़ियों से करीब करीब सील कर दिया गया है. इसी जगह मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को तिरंगा फहराना है.
अधिकारियों के मुताबिक शहर और उसके बाहरी इलाको खासकर शहर में प्रवेश के रास्तों पर विशेष चौकियां स्थापित की गयी हैं. साथ ही चेकिंग के लिए वाहनों को रोका जा रहा है ताकि किसी भी आतंकवादी कोशिश को नाकाम किया जा सके.
उन्होंने बताया है कि जिला मुख्यालय में भी ऐसी ही व्यवस्था की गयी है जहां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम होना है. सुरक्षाबलों को आतंकवादियों को दूर रखने के लिए बिल्कुल चौकस रहने तथा चेकिंग तेज करने का कहा गया है.
इसी बीच बख्शी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस परेड का फुल डे रिहर्सल किया गया. कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर बशीर खान ने मार्च पास्ट में सलामी ली जिसमें सुरक्षा बलों और बच्चों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया.
