चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को राज्य के विधायकों की तनख्वाह दोगुनी से ज्यादा बढ़ाकर एक लाख पांच हजार रुपये प्रति माह कर दी. विधायकों के वेतन में यह वृद्धि एक ऐसे समय पर हुई है जब राज्य के किसान दिल्ली में कर्ज माफी के लिए प्रदर्शन कर चुके हैं.
राज्य के मुख्यमंत्री इदाप्पादी के पलानीस्वामी ने विधानसभा को बताया कि विधायकों को इस समय हर महीने 50 हजार रुपये वेतन मिल रहा है. बेसिक और दूसरे भत्तों में बढ़ोतरी की वजह से यह अब इससे दोगुना हो जाएगा. पूर्व विधायकों की हर महीने पेंशन 12 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है. यह बदलाव 1 जुलाई 2017 से लागू होगा.
पलानीस्वामी ने राज्य के मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधानसभा स्पीकर के भत्तों में 25 हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करने की भी घोषणा की. विधानसभा के उपाध्यक्ष, विपक्ष के नेता और मुख्य सचेतक के भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है. अब यह वृद्धि के साथ 47 हजार पांच सौ रुपये प्रति माह हो गए हैं. विधानसभा क्षेत्र विकास निधि को 50 लाख से बढ़ाकर 2.50 करोड़ रुपये कर दिया गया है.
हालांकि, हाल ही में कर्ज माफी की मांग को फिर से उठाते हुए राज्य के किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी में दोबारा विरोध प्रदर्शन किया. कुछ महीने पहले सरकार की ओर से उनके मामले को देखे जाने का आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन रोक दिया था. राज्य के किसान कर्ज माफी और अपने उत्पादों के लिए बेहतर कीमतों की मांग कर रहे हैं.