नई दिल्ली: कर्नाटक की रैली में पीएम मोदी ने कल राहुल गांधी का मजाक बनाया था अब बीजेपी की सहयोगी शिवसेना ने पीएम पर निशाना साधा है. शिवसेना ने कहा कि राहुल गांधी ने पीएम बनने की इच्छा जताई है तो इसका मजाक उड़ाना ठीक नहीं. अगर राहुल परिवर्तन ला सकते हैं तो उन्हें पीएम बनना चाहिए.
शिवसेना के संजय राउत ने क्या कहा? संजय राउत ने कहा, ''राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं, आज उनके पास भले ही आंकड़े न हीं हैं लेकिन वो बड़ी पार्टी है. सालों साल इस देश की सत्ता उनके पास रही है. अगर उन्हें लगता है कि 2019 में परिवर्तन हो सकता है औऱ मैं (राहुल गांधी) प्रधानमंत्री बन सकता हूं. तो किसी और पार्टी को इसकी आलोचना करने और मजाक बनाने जरूरत नहीं है. ये लोकतंत्र है, एक सामान्य व्यक्ति को भी प्रधानमंत्री बनने का हक है. मोदी जी भी इसी प्रक्रिया के तहत प्रधानमंत्री बने हैं.''
प्रधानमंत्री ने क्या कहा था? कल यानी बुधवार को कर्नाटक की रैली में पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर बाल्टी अटैक किया था. गांव में दबंगई का किस्सा सुनाते हुए राहुल को भी उस दबंग की तरह बताया था जो किसी की परवाह नहीं करता है.
प्रधानमंत्री ने कहा ''जिस गांव में पानी की किल्लत होती है और गांव को पता चलता है कि मंगलवार को तीन बजे पानी का टैंकर आने वाला है, तो गांव के भोले-भाले लोग सुबह से अपनी बाल्टी रख देते हैं. सारे गांव वाले एक कतार में अपनी बाल्टी लगा देते हैं. तीन बजे टैंकर आएगा, इसका इंतजार करते हैं. लोग इतने ईमानदार होते हैं कि अपने घर चले जाते हैं, कोई बाल्टी को नहीं छूता. गांव का जो दबंग और सिरफिरा होता है. कानून और लोकतंत्र और नियमों को नहीं मानता है. वह तीन बजे ठीक पहुंच जाता है. यू यूं छाती करके निकलकर आता है. बाकियों की बाल्टी को दूर करके अपनी बाल्टी रख देता है.''
प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा, ''अचानक एक आ गया, उसने घोषित कर दिया बाकी कतार का जो होगा सो होगा. बाकी गठबंधन के दलों का जो होगा सो होगा. 40 साल से सीनियर नेता पड़े हैं उनका जो होगा सो होगा उसने आकर के अपनी बाल्टी रख दी, मैं प्रधानमंत्री बन जाऊंगा.''
राहुल गांधी ने क्या कहा था? दरअसल परसों राहुल गांधी ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो वो पीएम बनना चाहेंगे. राहुल गांधी से एक व्यक्ति ने पूछा क्या आप प्रधानमंत्री बनेंगे? इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि अगर चुनाव में कांग्रेस पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनती है तो हां.
आज प्रचार का आखिरी दिन, जानें क्या है खास? कर्नाटक में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है, परसों 224 सीटों के लिए वहां वोट डाले जाएंगे लेकिन वोटिंग से पहले लड़ाई दिलचस्प हो चली है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 9 बजे नमो एप के जरिये कर्नाटक बीजेपी के एससी/एसटी/ओबीसी और स्लम मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. बेंगलुरू में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी सुबह 10 बजे बेंगलुरू में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
