नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि देश के कुछ हिस्सों में किसान आंदोलन 1000 और 500 रुपये के नोटों को बंद करने की देन है.
पिछले साल नवंबर में की गयी नोटबंदी की घोषणा को बहुत बड़ी गलती बताते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद शशि थरूर और एआईसीसी के सोशल मीडिया प्रभारी दिव्य स्पंदन ने कहा कि नोटबंदी की वजह से किसान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और आज हम जो भुगत रहे हैं ये उसके ही नतीजे हैं.
थरूर से जब मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में किसान आंदोलन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''हमने किसान आंदोलन के कुछ तार नोटबंदी से जुड़े देखे हैं.'' उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद नकदी की कमी की वजह से किसानों को अपने उत्पादों को कम कीमत पर बेचना पड़ा जिससे उनकी आजीविका पर असर पड़ा.
