नई दिल्ली: देश आज आजादी 72वीं सालगिरह मना रहा है. इसको लेकर राजधानी दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. प्रधानमंत्री के संबोधन स्थल लालकिला और राजधानी के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा के इंतजामों के बीच दिल्ली को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है. इस बीच सबकी निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर टिकीं हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को ट्विटर पर बधाई दी है. प्रधानमंत्री ने ट्वीट में लिखा, ''स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं! जय हिंद!''
दिल्ली की सुरक्षा में 70,000 पुलिसकर्मी तैनात राष्ट्रीय राजधानी की रखवाली में लगभग 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं. लगभग 10 हजार पुलिसकर्मी लालकिला पर सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं जहां आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान वरिष्ठ मंत्रियों, शीर्ष नौकरशाहों, विदेशी हस्तियों और आम लोगों की मौजूदगी होगी.
दिल्ली पुलिस के जवानों से विशेष रूप से आसमान पर नजर रखने को कहा गया है जिससे कि यह सुनिश्चित हो सके कि लालकिला के आसपास के क्षेत्रों में कोई पतंग दिखाई न दे. पिछले साल, प्रधानमंत्री जब स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित कर रहे थे तो एक काली पतंग मंच के सामने आकर गिरी थी. पतंग से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था और प्रधानमंत्री ने इससे प्रभावित हुए बिना अपना संबोधन जारी रखा था. लालकिला के आसपास पतंग पकड़ने वालों की तैनाती की गई है और पूर्वाह्न 11 बजे तक क्षेत्र में पतंगबाजी पर रोक लगा दी गई है.
लालकिला की तरफ जाने वाली सड़कों पर 500 से अधिक तथा लालकिला के अंदर 200 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं. फुटेज पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है. इस बार दिल्ली पुलिस की स्वात इकाई की 36 महिला कर्मी भी अपने पुरुष सहकर्मियों के साथ आयोजन स्थल की सुरक्षा में तैनात होंगी.