नई दिल्ली: राजस्थान में सीएम पद को लेकर सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया. कांग्रेस ने एलान किया कि राजस्थान के अगले सीएम अशोक गहलोत होंगे वहीं युवा नेता सचिन पायलट को राज्य के डिप्टी सीएम की कमान दी गई है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक गहलोत ने कहा कि चुनाव में किया गया वादा निभाएंगे.
मेरा और अशोक गहलोत का जादू चल गया- सचिन पायलट
वहीं सचिन पायलट ने कहा कि मेरा और अशोक गहलोत का जादू चल गया. किसे पता था कि दो-दो करोड़पति बन जाएंगे. ये चुनाव देश की राजनीति को बदलने वाले थे. अब लोगों को उम्मीद है कि यूपीए 2019 में मज़बूती से जीतकर आएगी. उन्होंने कहा, ''अशोक गहलोत को सीएम चुनने के लिए मैं राहुल गांधी और विधायकों का धन्यवाद करता हूं.''
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल के घर पर चल रही बैठकों के दौर के बाद अशोक गहलोत को सीएम बनाने का एलान किया गया है. राजस्थान के मुख्यमंत्री की रेस में सचिन पायलट और अशोक गहलोत चल थे लेकिन युवा चेहरे और अनुभव में से बाजी अनुभव के हाथ लगी और अशोक गहलोत को सीएम बनाने का फैसला किया गया. वहीं सचिन पायलट को डिप्टी सीएम का पद दिया गया है.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के घर पर आज सुबह बैठक शुरू हुई थी जिसमें प्रियंका गांधी भी शामिल हुई थीं. इस बैठक के लिए सचिन पायलट और अशोक गहलोत कल से दिल्ली में मौजूद हैं. कल रात भी राहुल गांधी के घर पर राजस्थान के सीएम का नाम तय करने के लिए बैठक हुई थी जिसमें पहले सचिन पायलट और बाद में अशोक गहलोत पहुंचे थे. वहीं आज की बैठक में कांग्रेस आलाकमान ने सीएम पद के दावेदार को चुन लिया. इसके साथ ही राजस्थान की कमान अशोक गहलोत को देने का निर्णय किया गया.
राजस्थान में कांग्रेस ने 199 में से 99 सीटों पर जीत दर्ज की है. बीजेपी के खाते में यहां 73 सीटें गई है. सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को बसपा या निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी, जिन्होंने 13 सीटें जीती हैं. इनमें से ज्यादातर कांग्रेस के बागी हैं.
