नई दिल्लीः गुरुग्राम जमीन मामले में रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ एफआईआर दाखिल होने के बाद सूबे की सियासत तेज़ हो गई है. हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस FIR दर्ज को राजनीति साजिश करार दिया है, लेकिन इसके जवाब में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने का कहना है कि जो दोषी है उसपर कार्रवाई होगी. इससे पहले इस मामले में अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि ये चुनावों का मौसम है और तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. दशकों पुराने मुद्दे को दोबारा उठाकर लोगों के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम किया जा रहा है. इसमें नया क्या है.
दरअसल गुरुग्राम जमीन घोटाला मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जीजा रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ पहली एफआईआर दर्ज हुई है. एफआईआर में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हूडा का भी नाम है. गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव में स्काईलाइट कंपनी ने डीएलएफ से लोन लेकर साढ़े सात करोड़ रुपये में जमीन खरीदी थी और जमीन का लैंड यूज बदलने के बाद 58 करोड़ रुपये में बेच दी थी. डील के वक्त स्काईलाइट कंपनी में रॉबर्ट वाड्रा डायरेक्टर थे.
मामला क्या है ? मामला 2007 का है जब 1 लाख रुपये की मूल पूंजी वाली वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट ने 2008 में ओंकारेश्वर प्रॉपर्टी से 7.5 करोड़ रुपये में 3.5 एकड़ जमीन खरीदी. 7.5 करोड़ रुपये की जमीन के लिए डीएलएफ कंपनी से लोन लिया और वही जमीन लैंड यूज चेंज होने के बाद 58 करोड रुपये में डीएलएफ को ही बेच दी. वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट ने गुरुग्राम के शिकोहपुर में भी जमीन खरीदी थी और इसे डीएलएफ को बेच दिया. एबीपी न्यूज़ के पास इस एफआईआर की कॉपी है और इसमें बड़े अफसरों के साथ मिलकर राजनेताओं को फायदा पहुंचाने का मामला बताया गया है. इस एफआईआर में उस समय के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा का भीन नाम शामिल है और बताया गया है कि इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई थी लेकिन इसे भी हुड्डा सरकार ने खारिज कर दिया था और इस जांच को आगे नहीं बढ़ने दिया.
कौन हैं रॉबर्ट वाड्रा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई हैं रॉबर्ट वाड्रा और इनकी 1997 में सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका से वाड्रा की शादी हुई थी. 1997 में सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका से वाड्रा की शादी हुई थी. रॉबर्ट वाड्रा बाइक्स और कार के शौकीन हैं और बड़े बिजनेसमैन है. समय समय पर बीजेपी इस मुद्दे को उठाती रही है और अब एफआईआर दर्ज होने के बाद रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. हालांकि दो दिन पहले ही मुंबई में रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है और सरकार के पास उनके खिलाफ कोई ठोस प्रमाण नहीं है लेकिन वो (बीजेपी) वाले बार-बार उन्हें परेशान करने की कोशिश करते हैं. मैं इसी देश में रहता हूं और सरकार के पास मेरी सारी जानकारी है और मुझे किसी बात का डर नहीं है.