पटना: बिहार के बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के पुत्र उत्कर्ष तथागत की शादी रविवार को हुई. अपने बेटे की शादी के साथ ही सुशील मोदी एक और दिग्गज नेता के बेटे की शादी करवाने की जिम्मेदारी ले ली है. अब सुशील मोदी आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव के बेटे तेज प्रताप की शादी के लिए दुल्हन ढूंढेंगे.
दअसल तेज प्रताप ने रविवार को पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा था कि अब वह अपने लिए दुल्हन ढूंढने की जिम्मेदारी सुशील मोदी को सौंपते हैं. तेज प्रताप ने कहा, "बच्चों के लिए दुल्हन ढूंढने की जिम्मेदारी घर के बड़े और बुजुर्गों की होती है और ऐसे में वह यह जिम्मेदारी सुशील मोदी को सौंप रहे हैं." तेज प्रताप की तरफ से दुल्हन खोजने की जिम्मेदारी मिलने के बाद सुशील मोदी ने भी बिना देर किए इसे स्वीकार तो कर लिया. लेकिन इसके साथ ही सुशील मोदी ने तीन शर्तें रख दीं.
सुशील मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, "मैं तेज प्रताप यादव के लिए दुल्हनिया ढूंढ़ दूंगा, लेकिन तेज प्रताप को ये तीन शर्ते माननी होंगी. पहली शर्त यह कि वह अपनी शादी में दहेज नहीं लेंगे, दूसरी शर्त यह कि वह अंगदान करने का संकल्प लें और तीसरी शर्त यह कि वह भविष्य में किसी के भी विवाह में तोड़फोड़ करने की धमकी नहीं देंगे."
सुशील मोदी ने तेज प्रताप को अपने बेटे के विवाह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था. इस दौरान तेज प्रताप ने सुशील मोदी के घर में घुसकर मारने और उनके बेटे की शादी में घुसकर तोड़फोड़ करने की धमकी दी थी. तेज प्रताप, उत्कर्ष के विवाह में खुद शामिल नहीं हुए थे.