नई दिल्ली: दिल्ली से एक बार फिर से देश को शर्मसार करने वाली खबर आई है. दिल्ली पुलिस ने शाहदरा के सीमापुरी इलाके में सात साल की बच्ची के साथ रेप के आरोप में 21 साल के एक शख्स को मंगलवार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार की रात को हुई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में पीड़ित की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बच्ची के साथ पड़ोसी ने रेप किया. लड़की सोमवार को रात में करीब 10.30 बजे अपने घर के बाहर खेल रही थी. उसी वक्त आरोपी उसे पास की झाड़ियों में ले गया और उसके साथ रेप किया. जब वह घर लौटी तो लहूलुहान थी. उसने पूरी बात अपनी मां को बताई.
पोक्सो एक्ट के तहत किया गया मामला दर्ज
पीड़ित की मां की शिकायत के आधार पर सीमापुरी थाने में बच्चों को यौन अपराधों से बचाव कानून (पोक्सो) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना के बारे में ट्वीट किया. उन्होंने कहा कि बच्ची के साथ घिनौना व्यवहार किया गया. महिला आयोग ने कहा कि वह बच्ची के लिए मुआवजे की खातिर आवेदन करेगा.
दिल्ली में हर दिन दो बच्चों के साथ होता है रेप
दिल्ली पुलिस के जरिए इकट्ठे आंकड़ों के अनुसार 2018 के पहले चार महीनों में राष्ट्रीय राजधानी में हर दिन दो से ज्यादा बच्चों के साथ रेप की घटना हुई. 30 अप्रैल तक बच्चों के साथ रेप के 282 मामले दर्ज किए गए जबकि पिछले साल यह संख्या 278 थी. 2017 में राष्ट्रीय राजधानी में 894 ऐसे मामले दर्ज किए गए थे.
